टोहाना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अनाज मंडी में विद्यार्थियों को अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) के माध्यम से आधुनिक तकनीक और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों का प्रशिक्षण मिल रहा है।
खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश सेवदा के निर्देशन में विद्यार्थी लैब में विभिन्न प्रयोग कर वैज्ञानिक सोच विकसित कर रहे हैं। प्रिंसिपल सत्यपाल फौगाट ने बताया कि अटल टिंकरिंग लैब भारत सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।
इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना है। लैब में विद्यार्थी 3डी प्रिंटर के प्रयोग के साथ-साथ रोबोटिक्स की बारीकियां सीख रहे हैं।
इसके अलावा एयरोनॉटिक्स और स्पेस साइंस जैसे विषयों के प्रति भी उनकी रुचि विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि एटीएल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर प्रयोग और स्वयं सीखने का अवसर देती है। विद्यार्थी अपने विचारों को मॉडल और प्रोजेक्ट के रूप में तैयार कर रचनात्मक क्षमता को निखार रहे हैं।
इससे उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित होने के साथ विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं को समझने की क्षमता भी बढ़ेगी। इस अवसर पर विज्ञान विषय के पीजीटी नरेंद्र आर्य और रमन भी मौजूद रहे।