फतेहाबाद। निपुण हरियाणा मिशन के तहत विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार के लिए 90 दिवसीय सुधार योजना पर विशेष फोकस किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया ने कमियां चिन्हित कर उन्हें दूर करने के निर्देश दिए।
जिलास्तरीय डीपीआईयू बैठक में मिशन की प्रगति की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने आवधिक आकलन-1 के परिणामों का विश्लेषण करने को कहा। उन्होंने विद्यार्थियों की सीखने संबंधी कमियों की पहचान कर कक्षा स्तर पर प्रभावी शैक्षणिक रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्यार्थियों के सीखने के स्तर और विद्यालय भ्रमण की स्थिति पर चर्चा हुई। अभिभावक सहभागिता और शिक्षक प्रशिक्षण की भी समीक्षा की गई। शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। आगामी अवधि के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तय की गई। अधिकारियों को 90 दिवसीय योजना के तहत निर्धारित गतिविधियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
-
विद्यालय भ्रमण में लापरवाही पर कार्रवाई
बैठक में विद्यालय भ्रमण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिला, खंड और स्कूल स्तर के अधिकारियों को निर्धारित विद्यालय भ्रमण प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा प्रत्येक भ्रमण के दौरान आगंतुक पंजिका में निरीक्षण संबंधी सुझाव दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पूरे माह शून्य विद्यालय भ्रमण रहने अथवा निर्धारित प्रोटोकॉल का लगातार पालन नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
-
अभिभावक सहभागिता बढ़ाने पर जोर
निपुण अभिभावक अनुप्रयोग के माध्यम से अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने पर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। जिन खंडों में अभिभावकों का प्रवेश प्रतिशत 70 से कम है, वहां मेगा अभिभावक-शिक्षक बैठक सहित अन्य प्रभावी गतिविधियां आयोजित कर 70 प्रतिशत सहभागिता का लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।
-
बैठक में बालवाटिका के विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक माह जन्मतिथि के आधार पर तिथि भोजन आयोजित करने के निर्देश दिए गए है। संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा निपुण हरियाणा मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
- दिलबाग सिंह, जिला संयोजक, एफएलएन
-
बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्यों को पूरा करने तथा निपुण हरियाणा मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- अनीता बाई, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, फतेहाबाद