फतेहाबाद। जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से बाल भवन में 13 अक्तूबर से 18 अक्तूबर तक राज्य स्तरीय बाल दिवस 2025 प्रतियोगिताओं का जिला स्तर पर विभिन्न ग्रुपों में आयोजन किया जाएगा। जिलास्तर की इन 40 प्रकार की विभिन्न प्रतियोगिताओं में कक्षा प्रथम से कक्षा 12वीं तक के स्कूली विद्यार्थी भाग ले सकेंगे और अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। जिले में 686 सरकारी स्कूल हैं। इसके अलावा निजी स्कूलों के विद्यार्थी भी भाग ले पाएंगे।
जिला बाल कल्याण अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि विभिन्न स्कूली बच्चों के लिए एकल नृत्य, ग्रुप नृत्य, एकल गान, ग्रुप गान, फैन्सी ड्रैस, वेस्ट ड्रामेबाज, कार्ड मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, प्रश्नोतरी प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग, दिया/कैंडल डेकोरेशन, स्कैचिंग ऑन द स्पाट, थाली/कलश डेकोरेशन, फन गेम्स, रंगोली,हैंडराइटिंग(अंग्रेजी व हिंदी), वन एक्ट प्ले/थिएटर प्ले व भाषण प्रतियोगिता आदि का विभिन्न ग्रुपों में सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए आयोजन किया जाएगा।
-
राज्यस्तरीय विजेताओं को राज्यपाल करेंगे सम्मानित
इन प्रतियोगिताओं में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को जोनल स्तरीय व उसके उपरांत राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग दिलवाया जाएगा। जिलास्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को उपायुक्त की ओर से और राज्य स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को राज्यपाल की ओर से बाल दिवस पर पुरस्कृत किया जाएगा।