फतेहाबाद। गांव झलनियां में नौवीं कक्षा में फेल होने से आहत होकर फंदा लगाने से गंभीर हुए किशोर की शनिवार रात को शहर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। उसके शव का फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव झलनियां निवासी 15 वर्षीय किशोर गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ता था। बताया गया है कि शुक्रवार को उसका कक्षा नौवीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया था, जिसमें वह फेल हो गया। इससे वह काफी आहत हो गया। शनिवार सुबह उसने घर के कमरे में रस्सी के सहारे फंदा लगा ली। दूसरे कमरे में बैठी उसकी मां व बहन को इसका पता चल गया और उन्होंने उसे तुरंत फंदे से उतारकर शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर में रेफर कर दिया था। परिजन उसे शहर के ही एक अन्य निजी अस्पताल में ले गए, जहां शनिवार रात को किशोर ने दम तोड़ दिया।