फतेहाबाद। शनिवार को जिले में नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बंद रही। नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों ने करनाल के घरौंडा में एक सरकारी चिकित्सक के साथ पुलिस की ओर से की गई मारपीट के विरोध में ओपीडी बंद रखी।
सुबह 9 बजे जैसे ही अस्पताल के काउंटर खुले, पर्ची कटवाने के लिए लाइनें लगनी शुरू हो गई थीं लेकिन जैसे ही डॉक्टरों की ओर ओपीडी बंद रखने की सूचना मिली, मरीजों और उनके तीमारदारों में मायूसी छा गई। जिले के दूर-दराज के शहरों जैसे रतिया, भूना और भट्टू से आए सैकड़ों मरीज ओपीडी के कमरों के बाहर इंतजार कर बिना उपचार लौटना पड़ा।
वहीं कुछ मरीज ओपीडी बंद होने के कारण निजी अस्पतालों में इलाज के लिए चले गए। नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि करनाल जिले के घरौंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक ड्यूटी डॉक्टर के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। जिसको लेकर डॉक्टर ने पुलिस से सहायता मांगी, पुलिस की ओर से सहायता न देकर डॉक्टर से ही मारपीट की गई।
जिसके विरोध में प्रदेश एसोसिएशन की ओर से ओपीडी बंद रखने का फैसला लिया गया था। जिसके विरोध में आपातकालीन सुविधा को छोड़कर सभी डॉक्टरों की ओर से ओपीडी बंद रखी गईं।
आपातकालीन, लेबर रूम व पोस्टमार्टम की सेवाएं जारी
जिला मुख्यालय के नागरिक अस्पताल में शनिवार को आपातकालीन, लेबर रूम व पोस्टमार्टम की सेवाएं जारी रही। शनिवार को नागरिक अस्पताल में अपना इलाज करवाने के लिए पहुंचे मरीज सुमन रानी, कमलेश, रोहित, शामलाल, सुंदर आदि ने बताया कि आपातकालीन कक्ष में बैठे डॉक्टर की ओर से एक बार दवाई दी गई है और उन्होंने सोमवार को आने के लिए कहा है। मरीज कमलेश ने बताया कि वह रतिया से अपने बेटे की दवाई लेने के लिए आई थी, उसके बेटे रोहित को शुगर है, डॉक्टर नहीं होने के कारण उसे दवाई नहीं मिली। शनिवार और रविवार के लिए दवाई बाहर दुकान से लेनी पड़ेगी।
बंद रही ये ओपीडी
जिला मुख्यालय के नागरिक अस्पताल में शनिवार को चर्म रोग विशेषज्ञ, महिला रोग विशेषज्ञ, मनोरोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, छाती रोग विशेषज्ञ, कान नाक गला रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ की ओपीडी पूर्ण रूप से बंद रही। जिस कारण शनिवार को करीब 400 मरीज बिना दवाई लिए ही वापिस लौट गए। इन लोगों को दवाई लेने के लिए सोमवार को फिर से अस्पताल में आना पड़ेगा।
पुलिस अधिकारी की ओर से डॉक्टर से मारपीट करने के मामले में प्रदेश एसोसिएशन की ओर से यह फैसला लिया गया। पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग डॉक्टर कर रहे हैं।
- डॉ. जय प्रकाश, सदस्य डॉक्टर एसोसिएशन हरियाणा।
फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में बंद पड़ा दंत रोग विशेषज्ञ का कमरा। संवाद