कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों से बैठक करते पंचायत एवं विकास मंत्री देवेंद्र सिंह बबली
टोहाना। डांगरा रोड स्थित किसान विश्राम गृह में विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने बुधवार को पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था को लेकर विचार विमर्श किया। बैठक में मंत्री ने क्षेत्र में चोरी और अन्य अपराधों को रोकने के लिए कानून व्यवस्था को मजबूती से बनाए रखने के निर्देश दिए। मंत्री बबली ने कहा कि चोरी और चोरी से संबंधित अपराधों करने वाले अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
सट्टेबाजों पर नकेल कसते हुए ज्यादा से ज्यादा रेड की जाए। अवैध आहतों व ढाबों पर होने वाले अनुचित कामों पर अंकुश लगाया जाए। उन्होंने कहा कि शहर में बुलेट पटाखे बजाने वालों पर भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया कि वे अपराधों के प्रति सख्ती से कार्रवाई करें और लोगों के विश्वास को बनाए रखें। समाज में फैल रहा नशा हम सभी के लिए चिंता का विषय है। पुलिस विभाग द्वारा नशा तस्करों पर नकेल कसने के लिए गंभीरता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे संदिग्ध गतिविधियों या अपराधों की जानकारी पुलिस को तुरंत दें।