फतेहाबाद। शहर में के मुख्य सड़कों पर लगी स्ट्रीट लाइटें और तिरंगा लाइटें खराब होने से शहरवासियों को परेशानी रही है। रोड के निर्माण कार्य के दौरान स्ट्रीट लाइटों की तारें टूटने से पूरे शहर लगभग 50 फीसदी लाइटें खराब हो गई हैं, जिसके चलते शाम होते ही पूरा शहर अंधेरे में डूब जाता है। नगर परिषद के कर्मचारियों की ओर से इन बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके कारण समस्या का समाधान नहीं हो सका है। वहीं नशेड़ी और असामाजिक तत्व अंधेरे का फायदा उठा रहे हैं, जिससे शहर में अपराध की घटना बढ़ रही है।
राेड के निर्माण कार्य के दौरान टूटी थीं तारें
शहर के मुख्य मार्गों, गलियों और चौराहों पर लगी स्ट्रीट लाइटें पिछले कई दिनों से खराब हैं। हाल ही में हुए रोड निर्माण कार्य के दौरान कई जगह स्ट्रीट लाइटों की बिजली की तारें टूट गईं, लेकिन ठेकेदार और नगर परिषद के कर्मचारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। इसके परिणामस्वरूप, आधी से ज्यादा स्ट्रीट लाइटें अब काम नहीं कर रही हैं। शाम ढलते ही शहर में अंधेरा छा जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हालांकि इन लाइटों की पांच साल की गांरटी है, लेकिन स्ट्रीट लाइटें मात्र वर्ष भर में ही खराब हो गई हैं।
शहरवासियों अशोक, हंसराज, रणवीर, दीपक, सोनू, मोहनलाल, राजुकमार, और इंद्रराज आदि ने बताया कि लाइटें खराब होने से गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर शहर की शोभा बढ़ाने वाली यह लाइटें अब शोभाहीन हो गई हैं। नगर परिषद राष्ट्रीय प्रतीकों का भी सम्मान नहीं कर रही है। इसके लिए शहरवासियों ने कई बार नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों से शिकायत की है, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। नगर परिषद के कर्मचारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। शाम होते ही हमारी गली में अंधेरा छा जाता है। बच्चे और बुजुर्ग डर के मारे घर से बाहर नहीं निकल पाते। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अंधेरे में बढ़ रही हैं आपराधिक घटनाएं
अंधेरे का फायदा उठाकर शहर में आपराधिक गतिविधियां भी बढ़ने लगी हैं। नशेड़ी और असामाजिक तत्व अंधेरी गलियों और सुनसान सड़कों पर मंडराते रहते हैं, जिससे चोरी और छीना-झपटी की घटनाएं बढ़ने की आशंका है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं। शहर के जागरूक नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन से तत्काल खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने और तिरंगा लाइटों की मरम्मत कराने की मांग की है। वहीं दो दिन पहले शहर के मिनी बाईपास पर लाइट नहीं होने के कारण एक कार डिवाइडर पर चढ़ गई, इससे चालक को चोटें आई है।
नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि शहर में खराब हो चुकी स्ट्रीट व तिरंगा लाइट का मामला मेरे संज्ञान में है। इसके लिए मैंने संबधित अधिकारी से बातचीत की है। खंभों पर लगी डिश व वाई-फाई की अवैध तारों से तिरंगा व स्ट्रीट लाइटें खराब हो रही हैं। ऐसे में पहले अवैध तारों काे हटाया जाएगा और बाद में तिरंगा व स्ट्रीट लाइटों को ठीक किया जाएगा।