भूना। गांव बैजलपुर में हॉकी खेल नर्सरी की पुन: शुरुआत रविवार से कर दी गई है। राजकीय उच्च विद्यालय खेल मैदान में बच्चों को हॉकी एवं किट देकर सम्मानित किया गया। अपरिहार्य कारणों के चलते यह खेल नर्सरी पिछले सात साल से बंद थी। अब अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संदीप नैन व रणसिंह ओला ने नर्सरी दोबारा स्थापित की है। जिसमें बच्चों को निशुल्क खेल के गुर सिखाए जाएंगे। पिछले वर्षों के दौरान बैजलपुर के युवा व युवतियां हॉकी खेल में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बना चुके हैं। वही हॉकी खेल के माध्यम से दो दर्जन खिलाड़ी विभिन्न सरकारी नौकरियों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं बैजलपुर खेल नर्सरी के कोच रण सिंह ओला व संदीप नैन ने बताया कि वर्ष 2001 में पीटीआई सुनील कुमार भिवानी निवासी ने हॉकी खेल के प्रति स्कूली बच्चों में उत्साह पैदा किया था। जिसके बल पर बैजलपुर के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं तथा कई खिलाड़ी इंडिया टीम कैंप में प्रशिक्षण हेतु चयनित हुए थे। हॉकी खेल के माध्यम से ही कई युवा व युवतियों को बड़े पदों पर सरकारी नौकरियां भी मिली मगर वर्ष 2014 में हॉकी खेल राजनीतिक उपेक्षा की भेंट चढ़ गया।
स्कूल मुखिया ने जताया आभार
राजकीय उच्च विद्यालय बैजलपुर के मुख्य अध्यापक धर्मवीर सिंह व अध्यापक रणवीर सिंह व रमेश कुमार तथा मुकेश कुमार ने बताया कि गांव बैजलपुर के दो दर्जन से अधिक हॉकी खेल के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने अपने स्तर पर स्कूल में हॉकी नर्सरी स्थापित की है। इसमें सुबह एवं सांय के समय बच्चों को हॉकी खेल का प्रशिक्षण देंगे।
यह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चलाएंगे हॉकी नर्सरी
बैजलपुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुके संदीप नैन व रणसिंह ओला के अतिरिक्त कर्मवीर सुंडा, कुलदीप सिंह, दयानंद, पवन ओला, मनीष बिश्नोई, विक्रम सिंह, सुनील ओला, भीम सिंह, मोहनलाल, अनिल कुमार, सुरेंद्र सिंह, जसवीर सिंह आदि बच्चों को हॉकी खेल का प्रशिक्षण देंगे। हालांकि इनमें अधिकतर खिलाड़ी सरकारी विभागों मे विभिन्न पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। मगर इन्होंने अपने स्तर पर एक शेड्यूल बनाया है जो प्रतिदिन निर्धारित समय के अनुसार बच्चों को हॉकी खेल के गुर सिखाएंगे।
गांव के खिलाड़ियों का अच्छा प्रयास : अनूप सिंह
जिला खेल अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि बैजलपुर की हॉकी टीम ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने जिला तथा प्रदेश का नाम रोशन किया था। मगर पिछले कई वर्षों से हॉकी की टीम बैजलपुर में नदारद थी। मगर अब अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने जो प्रयास किया है वह बच्चों के लिए हॉकी खेल सूर्य की तरह चमकेगा।