फतेहाबाद के इलाकों में पैदल गश्त करते हुए एसपी सिद्धांत जैन। पुलिस विभाग
फतेहाबाद। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिक सुरक्षा को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शहर में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यह भ्रमण तुलसीदास चौक से बूटा राम डिपो और धर्मशाला रोड सहित शहर के संवेदनशील क्षेत्रों तक किया गया।
भ्रमण के दौरान एसपी सिद्धांत जैन ने थाना शहर का निरीक्षण कर पुलिसिंग की कार्यप्रणाली, अनुशासन और आमजन से संवाद की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने सड़कों पर मौजूद रहकर यातायात प्रबंधन, पुलिस तैनाती और भीड़ नियंत्रण की समीक्षा की तथा नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
एसपी जैन ने डीएसपी नर सिंह को ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक सुचारू व सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को जाम और असुविधा से राहत मिल सके। इस दौरान थाना शहर प्रभारी, ट्रैफिक पुलिस और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। थाना निरीक्षण के समय एसपी ने मालखाना, बैरक और रसोईघर की जांच कर स्वच्छता, सुविधाओं और जब्त माल की सुरक्षा की समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों के कल्याण और सुविधाओं पर भी जोर दिया।