फतेहाबाद। सरकार ने वीरवार रात को आईपीएस के तबादला की सूची जारी की थी। जिसमें एसपी सिद्धांत जैन का हिसार तबादला कर दिया गया। उनकी जगह आईपीएस निकिता खट्टर ने शुक्रवार शाम को एसपी का कार्यभार संभाल लिया है।
निकिता खट्टर मूलरूप से नोएडा की रहने वाली है। उन्होंने गणित विषय में एमएससी की हुई है। करीब 34 वर्षीय निकिता खट्टर फतेहाबाद में एसपी का पद संभालने वाली 5वीं महिला बन गई हैं। इससे पहले आईपीएस कला रामचंद्रन, पारुल कुश जैन, संगीता कालिया और आस्था मोदी बतौर महिला एसपी फतेहाबाद में कार्यभार संभाल चुकी हैं। साल 2018 बैच की आईपीएस निकिता खट्टर इससे पहले डबवाली पुलिस जिला, गुरुग्राम रेंज में एंटी करप्शन ब्यूरो में बतौर एसपी कामकाज कर चुकी हैं। वहीं, पंचकूला में डीसीपी ट्रैफिक, एएसपी सोनीपत व एएसपी गोहाना के पद पर रही हैं। उन्होंने हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में भी सेवाएं दी है।
अधिकारियों ने किया स्वागत
निकिता खट्टर ने शाम को कार्यभार संभाला। उनके लघु सचिवालय पहुंचते ही एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें पुलिस द्वारा सलामी दी गई। फिर डीएसपी संजय बिश्नोई, डीएसपी जगदीश काजला, डीएसपी नरसिंह, डीएसपी जयभगवान, डीएसपी प्रणय कुमार और सभी एसएचओ ने उनका स्वागत किया।
आईपीएस सिद्धांत जैन के सम्मान में हुआ विदाई समारोह
पुलिस विभाग की ओर से आईपीएस सिद्धांत जैन के सम्मान में विदाई समारोह हुआ। जिसमें उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। सिद्धांत जैन ने कहा कि उनको कार्यकाल के दौरान सभी अधिकारियों का भरपूर सहयोग मिला। यहां पर नशे की रोकथाम, साइबर ठगों को पकड़ने, नशे के दलदल में फंसे लोगों को मुख्य धारा में लाने समेत हर क्षेत्र में अच्छा काम हुआ।