फतेहाबाद। जिले में मौसम में आए बदलाव के चलते सोमवार को दिनभर कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे। इस कारण से जिले के अधिकतम तापमान में एक डिग्री और न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं मौसम में बदलाव को देखते हुए जिन किसानों का गेहूं की मढ़ाई का काम बाकी है वे जल्द से जल्द पूरा करने में लगे हुए हैं। वहीं जिले की मंडियों में अभी तक 40 फीसदी गेहूं की उठान बाकी है। अगर अब बारिश होती है तो मंडियों में रखा हजारों क्विंटल भीग सकता है। वहीं बारिश के कारण जिन किसानों ने नरमे की फसल की बुवाई करनी है उनका काम भी कुछ दिनों तक प्रभावित हो सकता है। इधर भट्टू कलां में सुबह साढ़े छह बजे के करीब बूंदाबांदी हुई।
जिले में मौसम एक मई तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते बादलवाही तथा गरज चमक के साथ जिले में बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने के आसार है। जिससे दिन के तापमान में हल्की कमी रहने परंतु रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
-डॉ. मदन खीचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि विश्वविद्यालय, हिसार।