फतेहाबाद। जिले में पिछले 9 दिनों से 300 के पार चल रहे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में रविवार को कुछ सुधार देखने को मिला। शनिवार रात 345 तक पहुंचा एक्यूआई रविवार सुबह हवा चलने से घटकर 187 पर आ गया। इससे लोगों को प्रदूषित हवा से कुछ राहत मिली। दिनभर बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट से मौसम में भी बदलाव देखने को मिला।
पिछले नौ दिनों से जिले की हवा लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई थी। शनिवार रात एक्यूआई 345 तक पहुंचने से स्थिति बेहद खराब हो गई थी। हवा में प्रदूषक तत्वों की अधिकता के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, गले में खराश और खांसी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। खासकर अस्थमा, सांस और हृदय रोग से पीड़ित मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
पराली जलाने के 14 मामले आए सामने
कृषि विभाग के नोडल अधिकारी राजपाल सिंह का कहना है कि जिले में अब तक पराली जलाने के 14 मामले सामने आ चुके हैं। हरसेक की ओर से 14 लोकेशन दर्ज की गई हैं। हालांकि जांच में 8 लोकेशन ही सही मिली है। सबसे ज्यादा मामले जाखल, कुलां, रतिया क्षेत्र में आए हैं।
बारिश से मिल सकती है राहत
मौसम में बदलाव और बारिश होने की स्थिति में प्रदूषण से और राहत मिलने की उम्मीद है। बारिश होने से हवा में मौजूद धूल के कण नीचे बैठ सकते हैं। वहीं हवा चलने से प्रदूषक तत्वों का फैलाव होता है, जिससे एक्यूआई में सुधार हो सकता है।
एक्यूआई 50 से कम होना बेहतर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार एक्यूआई 0 से 50 तक अच्छा, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बेहद खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में आता है। यानी फतेहाबाद में रविवार को एक्यूआई 187 रहने के बावजूद हवा पूरी तरह साफ नहीं हुई है। अच्छी हवा के लिए एक्यूआई 50 या इससे कम होना चाहिए।