फतेहाबाद। गेहूं उठान का टेंडर देरी से होने का असर यह हुआ है कि फतेहाबाद की अनाज मंडियों में लदान का काम काफी धीमा पड़ गया है। अभी तक फतेहाबाद की अनाज मंडियों में मात्र 23 फीसदी लदान हुआ है, वहीं 77 फीसदी किसानों को ही अभी तक पेमेंट दी गई है। अनाज मंडियों में अब तक 13 हजार 333 किसानों की फसल आ चुकी है और किसानों की गेहूं की फसल भी खरीदी जा चुकी है। मौसम खुलने के बाद किसानों ने फसल कटाई में तेजी की है और अब मंडियों में उठान न होने के कारण किसानों को मंडियों में गेहूं रखने में दिक्कत आ रही है। गेहूं खरीद को लेकर स्वयं उपायुक्त को भी मैदान में उतरना पड़ा। उन्होंने सोमवार को जाखल व धारसूल कलां की अनाज मंडियों का दौरा करके गेहूं खरीद व उठान का जायजा लिया।
फतेहाबाद की अनाज मंडियों में इस समय दो लाख 30 हजार 626 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है। किसानों की फसल की खरीद तो साथ के साथ हो रही है, लेकिन लिफ्टिंग का कार्य काफी धीमा चल रहा है। अब तक मात्र 34 हजार 388 मीट्रिक टन गेहूं का उठान हुआ है, जिस कारण फतेेहाबाद की सभी अनाज मंडियां गेहूं से अट गई हैं। किसानों को अब तो मंडियों में गेहूं रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। लदान प्रक्रिया काफी धीमी चल रही है और किसान भी इसके लेकर परेशान हैं।
उपायुक्त ने किया मंडियों का दौरा
उपायुक्त मनदीप कौर ने सोमवार को जाखल व धारसूल अनाज मंडियों का दौरा कर गेहूं खरीद प्रबंधों का जायजा लिया। उपायुक्त ने जाखल रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर गेहूं उठान के लिए निर्धारित स्थानों का निरीक्षण किया और उठान कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मंडियों में गेट पास सहित दूसरी व्यवस्थाएं भी जांची।
अब तक किस एजेंसी ने कितना गेहूं खरीदा
फूड सप्लाई-44674
हैफेड-104024
हरियाणा वेयर हाउस-57792
एफसीआई-24136
नोट: खरीद मीट्रिक टन में है
खरीद एजेंसियों द्वारा अब तक मंडियों में हुआ उठान
फूड सप्लाई-35.99
हैफेड-19.90
हरियाणा वेयर हाउस-15.74
एफसीआई -32.78
कुल- 23.32
नोट: डाटा फीसदी में
खरीद एजेंसियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि गेहूं खरीद के बाद उसके उठान में तेजी लाई जाए ताकि किसानों को अपनी फसल मंडियों में लाने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके अलावा अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि 72 घंटे में किसान की खरीदी गई फसल का भुगतान भी करवा दिया जाए।
-मनदीप कौर, डीसी फतेहाबाद