जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार जिले में कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की हिसार के निजी अस्पताल में मौत हो गई। जाखल के गांव अकांवाली निवासी बुजुर्ग की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी जिनका हिसार के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। मृतक किडनी का मरीज था। जिले में कोरोना से यह छठी मौत हुई है। जिले में मंगलवार को 25 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। रतिया विधायक लक्ष्मण नापा के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद उनकी पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष बलदेव ग्रोहा और उनके पीए की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है। नप प्रधान दर्शन नागपाल के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद चेन लंबी होती जा रही है। कोरोना मरीजों का आंकड़ा 732 हो गई है। इसमें 198 मरीज एक्टिव हैं और 528 मरीज ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को भोड़िया खेड़ा में महिला महाविद्यालय की दो महिला लेक्चरार और भोड़िया खेड़ा निवासी दो व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रतिया में तैनात दो स्टाफ नर्सों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा रतिया में 58 वर्षीय व्यक्ति और 28 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों बुखार की शिकायत होने पर सैंपल दिया था।
गर्भवती और अंडे वाला कोरोना संक्रमित : फतेहाबाद शहर में कोरोना संक्रमण के सात मामले सामने आया है। जगजीवनपुरा निवासी व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। पॉजिटिव व्यक्ति सेंट्रल बैंक वाली गली में अंडे की रेहड़ी लगाता है। इसके अलावा भाटिया कॉलोनी निवासी गर्भवती, शक्ति नगर निवासी महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
सरकारी कार्यालय में पहुंचा कोरोना : डीडीपीओ कार्यालय में तैनात कर्मचारी की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित पाई गई है। इसके बाद कार्यालय को सैनिटाइज कराया गया है। इसके अलावा जिला नगर योजनाकार कार्यालय के सहायक जिला नगर योजनाकार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एटीपीओ ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री की बैठक में भाग लिया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कार्यालय को सैनिटाइज करवाया गया है।
जाखल में चार बैंक कर्मी संक्रमित : जाखल के निजी बैंक के चार कर्मचारियों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित पाई गई है। इसके अलावा जाखल में एक सब्जी व्यापारी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। टोहाना में एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है।