फतेहाबाद। अस्पतालों के कायाकल्प अवाॅर्ड योजना को लेकर सोमवार को सिरसा स्वास्थ्य विभाग की टीम नागरिक अस्पताल फतेहाबाद का निरीक्षण करेगी। टीम यहां पर अलग-अलग बिंदुओं पर अस्पताल में व्यवस्थाएं जांचेंगी और मरीजों से फीडबैक भी लेगी। इसके अलावा अस्पताल के डॉक्टर, स्टाफ से भी सवाल-जवाब होंगे। नागरिक अस्पताल को 70 फीसदी अंक लेने जरूरी है। अगर 70 फीसदी से ज्यादा अंक मिलता है प्रदे स्तर की टीम निरीक्षण के लिए आएगी। सिरसा से टीम के आने की सूचना को लेकर रविवार को नागरिक अस्पताल के ओपीडी कक्ष और डिस्पेंसरी खुली रही। ओपीडी के एचओडी सफाई करवाने में जुटे रहे। हालांकि पिछले साल भी जिला नागरिक अस्पताल को प्रशस्ति पुरस्कार मिल चुका है। हालांकि अस्पताल की बिल्डिंग पुरानी होने के चलते नंबर कटने का भी डर बना हुआ है। बता दें कि कायाकल्प अवाॅर्ड को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें दो बार निरीक्षण करती हैं। पहले जिलास्तर और इसके बाद प्रदेशस्तर की टीम निरीक्षण करती है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई, मरीजों का फीडबैक, रखरखाव, बायोमेडिकल का निस्तारण, इको फ्रेंडली हर्बल, रैन वाटर हार्वेस्टिंग आदि व्यवस्था की जांच होती है। टीमें इसको लेकर नंबर जारी करती है। अगर 70 फीसदी से अधिक अंक है तो उसे कायाकल्प अवाॅर्ड के लिए चुना जाता है।
पिछले साल इन अस्पतालों को मिला था कायाकल्प अवाॅर्ड
स्वास्थ्य केंद्र अवाॅर्ड पुरस्कार
सीएचसी भट्टूकलां प्रदेश में प्रथम 15 लाख नकद
पीएचसी पीलमंदौरी जिले में प्रथम 2 लाख नकद
जिला नागरिक अस्पताल फतेहाबाद प्रशस्ति पुरस्कार 3 लाख नकद
नागरिक अस्पताल टोहाना प्रशस्ति पुरस्कार 1 लाख नकद
सीएचसी जाखल प्रशस्ति पुरस्कार 1 लाख नकद
सीएचसी बड़ोपल प्रशस्ति पुरस्कार 1 लाख नकद
नागरिक अस्पताल रतिया प्रशस्ति पुरस्कार 1 लाख नकद
पीएचसी नागपुर प्रशस्ति पुरस्कार 50 हजार नकद
पीएचसी खैरातीखेड़ा प्रशस्ति पुरस्कार 50 हजार नकद
पीएचसी हसंगा प्रशस्ति पुरस्कार 50 हजार नकद
पीएचसी म्योंदकलां प्रशस्ति पुरस्कार 50 हजार नकद
पीएचसी भूथनकलां प्रशस्ति पुरस्कार 50 हजार नकद
सीएचसी भट्टूकलां ने लगातार तीन बार जीता है अवाॅर्ड
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भट्टूकलां लगातार तीन बार कायाकल्प अवाॅर्ड जीत चुका है। 2019 से लेकर 2021 तक सीएचसी भट्टूकलां ये पुरस्कार जीत चुका है। वर्ष 2022 में प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है।
कोट
अस्पतालों में साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था को लेकर कायाकल्प अवाॅर्ड योजना स्वास्थ्य विभाग की तरफ से चल रही है। इस योजना को लेकर अस्पतालों का टीमें निरीक्षण कर रही है। पिछले साल जिले के नागरिक अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी बेहतर प्रदर्शन कर चुकी है।
-डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन