दीपेंद्र हुड्डा के बयान से खफा सिख समुदाय रोष प्रदर्शन करते हुए:संवाद
रतिया। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा की कथित टिप्पणी के विरोध में सिख समुदाय और इनेलो कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सदस्य सरदार काका सिंह लधुवास की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और सांसद के खिलाफ रोष जताया।
प्रदर्शनकारी गुरुद्वारा गुरु ग्रंथ साहिब, पुराना बाजार में एकत्र हुए। यहां से पैदल रोष मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारी कांग्रेस विरोधी नारे लगाते हुए शहर के मुख्य मार्गों से संजय गांधी चौक पहुंचे। वहां कांग्रेस पार्टी और दीपेंद्र हुड्डा का पुतला फूंका गया।
वक्ताओं ने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों के जख्म आज भी ताजा हैं। अदालत से दोषी करार दिए गए व्यक्ति को रोल मॉडल बताना सिख परिवारों की पीड़ा का अपमान है। उन्होंने कहा कि रोल मॉडल समाज को जोड़ने वाला होना चाहिए। मासूमों को उजाड़ने वाला नहीं।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद की टिप्पणी से सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों से पुराने जख्म फिर हरे होते हैं। सांसद होते हुए ऐसे बयान देना सिख समाज की भावनाओं को आहत करने जैसा है।
प्रदर्शन में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सदस्य इकबाल सिंह खोखर, इनेलो जिला प्रधान बिकर सिंह हडोली, जिला प्रवक्ता रमेश कुमार और गुरुचरण सिंह खोखर मौजूद रहे।