रतिया। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की टीम मंगलवार दोपहर रतिया में अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची तो हंगामा हो गया। टीम ने आरोप लगाया कि इस दौरान दुकानदारों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। मौके पर पहुंचे अधिकारियों और पुलिस ने हालात संभाले। विभाग की टीम ने इससे पहले 13 अवैध कनेक्शन काटे थे।
जानकारी के अनुसार जिला सलाहकार शर्मा चंद लाली के नेतृत्व में टीम फतेहाबाद रोड तहसील के पास पहुंची थी। यहां एक सीमेंट स्टोर संचालक पाइप के जरिए रेता और बजरी पर पीने का पानी डाल रहा था। टीम ने उसका अवैध कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की तो दुकानदार ने विरोध करते हुए बहसबाजी शुरू कर दी।
टीम में जेई छोटू राम, कुलदीप, दिलीप, शमशेर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। हंगामा बढ़ने पर आसपास के दुकानदार भी एकत्र हो गए और टीम का घेराव किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई।
स्थिति बिगड़ती देख टीम ने उपमंडल अधिकारी आंचल जैन और पुलिस को सूचना दी। अधिकारियों के मौके पर पहुंचने पर कर्मचारियों को सुरक्षित निकालकर विभागीय कार्यालय लाया गया। इसके बाद कर्मचारी यूनियन को सूचना दी गई, जिस पर विभाग के अन्य कर्मचारी भी कार्यालय पहुंचे और रोष जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
टीम ने काटे 13 अवैध कनेक्शन
जिला सलाहकार शर्मा लाली ने बताया कि उपायुक्त मनदीप कौर के निर्देशों पर जनस्वास्थ्य विभाग ने फतेहाबाद रोड पर अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई चलाई। कई जगहों पर पीने के पानी का दुरुपयोग कर हरा चारा व सब्जी आदि में पानी डाला जा रहा था। विभाग ने दोपहर तक 13 अवैध कनेक्शन काटे। इसी दौरान लक्ष्मी ट्रेडिंग सीमेंट-रेता-बजरी स्टोर पर कनेक्शन काटने के प्रयास में हंगामा हो गया। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।
कर्मचारियों में रोष, बैठक बुलाई
उपमंडल अधिकारी आंचल जैन ने बताया कि कर्मचारियों के साथ हुई हाथापाई की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। हंगामा कर रहे दुकानदार को चेतावनी दी गई और कर्मचारियों को सुरक्षित कार्यालय लाया गया। उन्होंने बताया कि कर्मचारी यूनियन ने बैठक बुलाई है और उनकी मांगों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।