फतेहाबाद। भूना क्षेत्र में एक दुकानदार ने ट्रेडिंग कंपनी पर ठगी करने का आरोप लगाया है। कंपनी ने जीरा व धनिया भेजने के नाम पर दुकानदार से एक लाख पांच हजार रुपये की राशि ले ली।
इसके बावजूद दुकानदार को सामान नहीं भेजा गया और न ही राशि वापस की गई। इसके बाद अब दुकानदार की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आरोपी ट्रेडिंग कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में भूना के खैरी चौक निवासी लीलाकृष्ण ने बताया है कि उनकी भूना में गेहूं-चना पीसने की जय बाबा राणाधीर एग्रो के नाम से पांच चक्कियां हैं। इसके लिए वह जीरा व धनिया की खरीद करते हैं। इसके लिए 7 अप्रैल को इंडिया मार्ट एप पर ट्रेडिंग कंपनी सर्च की। उनका संपर्क जयपुर की जैन ट्रेडिंग हाउस से हुआ।
उन्होंने सामान की बिल कॉपी व आधार कार्ड व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा। उसको वेरिफाई करने के बाद जैन ट्रेडिंग हाउस की ओर से उपलब्ध करवाए गए बैंक अकाउंट में एक लाख पांच हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। लीलाकृष्ण का आरोप है कि पैसे ट्रांसफर करने के बाद जैन ट्रेडिंग हाउस की ओर से अगले दिन जीरा व धनिया भेजने की बात कही गई।
जब दो-तीन दिन बाद भी सप्लाई नहीं मिली तो उन्होंने फिर से संपर्क किया, लेकिन ट्रेडिंग हाउस ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद फोन को बंद कर लिया गया। उन्होंने बैंक का पता किया तो खाता रोहतक की सैनिक कॉलोनी निवासी किसी रंजीत कुमार के नाम पर बताया जा रहा है। इसके बाद अब उन्होंने साइबर पुलिस को मामले की शिकायत दी। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।