फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: बच्चों के खेल में हुआ झगड़ा तो दुकानदार ने की आत्महत्या, एएसआई समेत 6 पर केस दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
टोहाना। शहर के वार्ड नंबर पांच स्थित रामनगर में बच्चों के क्रिकेट खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद में 37 वर्षीय किराना दुकानदार सतविंद्र प्रकाश उर्फ अनूप ने बुधवार शाम को जहर खाकर आत्महत्या कर ली। जान देने से पहले दुकानदार ने सुसाइड नोट लिखा, जिसमें पुलिसकर्मी सहित छह लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर उसके आधार पर सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन

नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। इसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। मृतक ने सुसाइड नोट में अपने भाइयों को राम-राम कहा, पिता से माफी मांगी है तो एक भाई को अपने बच्चों का जिम्मा सौंपते हुए उनको अपने जैसा पढ़ा-लिखा बनाने की अपील की है। मृतक के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी 8 साल जबकि लड़का 5 साल का है। मृतक के परिजन जब सुबह नागरिक अस्पताल पहुंचे तो थाना प्रभारी बलवान सिंह पर पुलिसकर्मी एएसआई भूपेंद्र की मदद करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों ने कहा कि एसएचओ मृतक को प्रताड़ित करने वाले एएसआई को बचाने में लगे हैं, जब तक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे दाह संस्कार नहीं करेंगे। मामला बढ़ता देख डीएसपी शमशेर सिंह मौके पर आए तथा सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने व निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए।
10 मार्च को घर पर की गई थी तोड़फोड़
मृतक के पिता सिकंदर, अशोक व कृष्ण कुमार के अनुसार कुछ दिन पहले गली में बच्चों का आपसी झगड़ा हो गया था, जिसमें सतविंद्र से मारपीट की गई। जब भी वह घर से निकलता तो उसे गालियां दी जाती। 10 मार्च को उनके घर पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर तोड़फोड़ की, जिसकी सीसीटीवी और शिकायत पुलिस को दी गई। मगर पुलिस ने सतविंद्र पर ही केस दर्ज कर लिया। आरोप है कि केस दर्ज करने के बाद जांच अधिकारी एएसआई भूपेंद्र सतविंद्र को ही प्रताड़ित करने लगा और सतविंद्र को अग्रिम जमानत लेनी पड़ी। परिजनों ने बताया कि पुलिस ने सतविंद्र की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि दूसरे पक्ष द्वारा दी गई शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया। इसके बाद फिर 14 मार्च को सतविंद्र की दुकान के बाहर जाकर दूसरे पक्ष ने गालियां निकाली। इसी कारण सतविंद्र परेशान रहने लगा और उसने बुधवार शाम को जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या कर ली।
विज्ञापन


ये लिखा है सुसाइड नोट में...
सतविंद्र ने सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं सतविंद्र उर्फ अनूप अपने बयान देता हूं कि मेरी मौत के जिम्मेदार अमित कुमार, डॉ. प्रकाश, दर्शन सिंह, नराता राम, संजीव कुमार व आईओ भूपेंद्र सिंह हैं। मेरे ऊपर इन लोगों से पैसे लेकर झूठा केस दर्ज करवा दिया और ये लोग मुझे व मेरे परिवार को जान से मारने की धमकियां देते थे। इन लोगों ने मेरी दुकान व घर पर हमला किया, वीडियो मैंने थाने में भी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। अमित कुमार व डॉ. प्रकाश ने कुछ लोगों को इकट्ठा करके मेरे खिलाफ केस दर्ज करने के लिए थाने में झूठे नारे लगवाए, जिस कारण मेरी व मेरे परिवार की इज्जत को सारे शहर में बदनाम किया, जिसकी वजह से मैंने मरने की सोची। अशोक भाई, विनोद भाई को राम राम, कृष्ण भाई को बहुत सारा प्यार, चीनी भाई मेरे बच्चों का ख्याल रखना और इन्हें पढ़ा लिखा कर तेरे जैसा बनाना, पापा की कमी बच्चों को महसूस ना हो, पापा सॉरी।
कोट

सुसाइड नोट व मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर एएसआई भूपेंद्र सिंह सहित छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
विज्ञापन

-शमशेर सिंह, डीएसपी, टोहाना
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें