टोहाना। कैंची चौक पर बना शहीद चौक। संवाद
टोहाना। नगर परिषद 42 लाख रुपये की लागत से शहीद चौक का सुंदरीकरण कर उसका स्वरूप बदलने जा रही है। निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और यह काम गोल्डन कंपनी को सौंपा गया है। संबंधित फर्म को कार्य आदेश जारी करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता विवेक के अनुसार, कार्य आदेश जल्द जारी कर दिया जाएगा और परियोजना को छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यकारी अधिकारी दीपक कुमार और कनिष्ठ अभियंता विवेक ने बताया कि शहीद चौक की चारदीवारी और शहीदों की मूर्तियां यथावत रहेंगी। मूर्तियों की सुंदरता बढ़ाने के लिए विशेष कार्य किए जाएंगे।
चौक में नई टाइलें लगाई जाएंगी और ऊंचे मास्ट वाला बड़ा पोल स्थापित किया जाएगा। यहां सोलर लाइटें और फव्वारे लगाए जाएंगे। फव्वारों के लिए नया आधार भी तैयार किया जाएगा। इसके अलावा चौक के अंदर दोबारा घास लगाई जाएगी और चारदीवारी पर ग्रेनाइट लगाया जाएगा।
किसानों के आंदोलन के बाद शुरू हुआ पुनर्निर्माण
संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने शहीद चौक के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर लंबे समय तक धरना-प्रदर्शन किया था। किसानों का कहना था कि शहीदों की स्मृति से जुड़े चौक की हालत जर्जर हो गई है। अब निविदा प्रक्रिया पूरी होने और काम शुरू होने की तैयारी से क्षेत्र के लोगों को राहत मिली है। किसान संगठनों ने भी नगर परिषद की पहल का स्वागत किया है।
छह माह में पूरा होगा काम
नगर परिषद का दावा है कि पुनर्निर्माण के बाद शहीद चौक शहर की पहचान बनेगा। 42 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य को छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।