ट्रांसफार्मर से उठतीं आग की लपटें।
टोहाना। इंदिरा कॉलोनी स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह करीब 9 बजे 100 केवी के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। इसके बाद क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद हो गई। आग की लपटें देखने के बाद पास की कूलर फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए पानी और रेत की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया। वहीं सूचना के बाद बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंची। एसडीओ संजय सिंगला के निर्देश पर लाइनमैन रामनिवास और अन्य कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर को लाइन से अलग कर मरम्मत कार्य शुरू किया। ट्रांसफार्मर में आग की घटना से इंदिरा कॉलोनी के रिहायशी क्षेत्रों और आसपास के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में बिजली सप्लाई प्रभावित रही।
इससे उद्योगों का काम बाधित हुआ और घरों में भी लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। लाइनमैन रामनिवास ने बताया कि करीब शाम चार घंटे बाद क्षेत्र की बिजली बहाल कर दी गई। इसके साथ उन्होंने बढ़ती गर्मी के मद्देनजर लोगों से सतर्क रहने और बिजली उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की है।