चोरी की घटना बारे जानकारी देते महिला रीना। संवाद
टोहाना। प्रीत हॉस्पिटल के पास स्थित एक मकान से नकदी और सोने-चांदी के गहने चोरी हो गए। यह वारदात बाइक सवार चोर ने अंजाम दी। चोरी की यह घटना कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित महिला ने इस संबंध में शहर पुलिस को शिकायत दी है। पीड़ित महिला रीना ने बताया कि 8 दिसंबर को वह अपने पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। जब वह वहां से लौटी, तो घर में चोरी का पता चला। चोर अलमारी में रखे 7 हजार रुपये, दो सोने की बालियां और चांदी की ज्वेलरी चोरी कर ले गया। इस पर उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखी तो उसमें एक शख्स सुबह 11 बजकर 37 मिनट पर घर में प्रवेश करता दिखा।
चोर लगभग दस मिनट तक घर के अंदर रहा और सामान चुराने के बाद बाइक पर सवार होकर भाग गया। रीना के अनुसार उसके घर में 8 महीने के भीतर चोरी की यह दूसरी वारदात है। पहली चोरी तब हुई थी जब घर का निर्माण कार्य चल रहा था। उस समय चोर बिजली के तार और अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। उस चोरी का भी अब तक खुलासा नहीं हुआ है।