टोहाना। जींद जिले के नरवाना के गांव कालवन से 9 दिन से लापता ऋतिक की तलाश एनडीआरएफ की टीम सिद्धमुख नहर में कर रही है लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस की टीम जांच में जुटी हुई है।
24 वर्षीय युवक ऋतिक पिछले 9 दिनों से लापता है। परिजनों की शिकायत पर 1 जुलाई को धमतान चौकी में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। ऋतिक अविवाहित था और टोहाना अनाज मंडी में मुनीम का कार्य करता था। पुलिस ने मामले की जांच के लिए साइबर सेल, कॉल डिटेल, बैंक स्टेटमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच में पता चला कि ऋतिक आखिरी बार बिजली घर के पास मोटरसाइकिल पर दिखाई दिया था। इसके बाद वह अचानक गायब हो गया। संदेह के आधार पर पुलिस ने टोहाना नहर में सर्च अभियान शुरू किया है। हिसार से एसडीआरएफ की टीम गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचकर नहर में तलाशी कर रही है।