कोरोना महामारी के चलते मार्च माह से बंद स्कूल कक्षा नौंवी से बारहवीं तक के लिए सोमवार से औपचारिक रूप से खुलने जा रहे हैं। विद्यार्थियों के लिए सुबह 9 बजे से लेकर 12 बजे तक तीन घंटे के लिए रेगुलर कक्षाएं लगेंगी। लेकिन स्कूल आने के लिए विद्यार्थी को अभिभावक की अनुमति जरूरी है। स्कूल में तीन घंटे के लिए रेगुलर कक्षा लगेगी। इस दौरान कोई लंच नहीं होगी। 30 मिनट का पीरियड होगा।
अहम बात यह भी है कि सुबह स्कूल में प्रार्थना सभा नहीं होगी। प्राइवेट स्कूल संचालक विद्यार्थियों को लाने व छोड़कर आने के लिए बसों का इस्तेमाल कर सकेंगे। लेकिन इसके लिए उन्हें कोविड को लेकर जारी हुई गाइडलाइन का पालन करना होगा। रविवार को सात माह से बंद स्कूल बसों की धुलाई का काम चला।
इन बातों का स्कूलों को रखना होगा ध्यान
- कक्षा नौंवी से बारहवीं के विद्यार्थियों की तीन घंटे कक्षाएं लगेंगी
- हर कमरे में 20 से ज्यादा विद्यार्थी नहीं बिठा सकते
- अगर किसी कक्षा में 20 से ज्यादा विद्यार्थी है तो अलग सेक्शन बनाना होगा
- बच्चों को मास्क लगाकर आना होगा। स्क्रीनिंग और सैनिटाइज करना होगा
- ऑनलाइन पढ़ाई भी जारी रखनी होगी।
- लंच टाइम नहीं मिलेगा, सुबह घर से ही खाना खाकर आना होगा।
ये अभिभावक दे चुके हैं पहले आनलाइन अनुमति
खंड अनुमति देने वाले अभिभावक
फतेहाबाद 487
रतिया 404
टोहाना 332
जाखल 83
भट्टू 234
जिले के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या
कक्षा 11वीं से 12वीं - 12866
कक्षा 9वीं से 10वीं - 24712
कक्षा नौंवी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए रेगुलर कक्षाएं शुरू हो रही है। उन्हें ट्रांसपोर्ट सुविधा देने के लिए बसें तैयार कर ली गई हैं। अलग-अलग सेक्शन बना दिए गए हैं। स्कूल में सैनिटाइजर और थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही कक्षाओं में एंट्री दी जाएगी।
- रण सिंह रेपसवाल, प्रिंसीपल, शांति निकेतन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल
कक्षा नौंवी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को पहले डाउट क्लीयर करने के लिए बुलाया जा रहा था। अब औपचारिक रूप से तीन घंटे के लिए कक्षाएं लगेंगी। 20 छात्रों का सेक्शन होगा। अगर शिक्षक कम हैं तो स्कूल प्राचार्य रोस्टर के मुताबिक ड्यूटी लगा सकते हैं।
- दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी