टोहाना। दमकोरा रोड स्थित ऋग्वेदा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने विश्व मलेरिया दिवस पर स्वस्थ समाज का संदेश दिया। इस दौरान प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को मलेरिया फैलने के कारण व बचाव से संबंधित जानकारी दी गई।
दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मलेरिया की रोकथाम, जागरूकता एवं उन्मूलन से संबंधित प्रभावशाली स्लोगन प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति चेतना फैलाना रहा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली भी निकाली। इसके माध्यम से उन्होंने आमजन को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया। स्कूल चेयरमैन प्रदीप मडिया एवं प्रिंसिपल राजन दुबे ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।