भट्टू मंडी के माचरा मंडी से अवैध पटाखों को जब्त करने पहुंचे पुलिसकर्मियों की बाहर खड़ी गाड़ी।
भट्टू कलां। प्रतिबंध के बावजूद बिना अनुमति पटाखे रखने पर पुलिस ने माचरा मंडी में छापा मार कर सरपंच के देवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक क्विंटल 95 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। सरपंच सुमन के देवर प्रीतम उर्फ निशु निवासी माचरा मंडी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार सूचना के आधार पर टीम ने जब माचरा मंडी में छापा मारा तो यहां कमरे में रखे विभिन्न प्रकार के पटाखे मिले। जब इनका वजन किया गया तो एक क्विंटल 95 किलो 750 ग्राम मिला। पुलिस ने तुरंत इन पटाखों को अपने कब्जे में लेकर आरोपी प्रीतम उर्फ निशु के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में शामिल एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि जिस मकान में रेड की गई।
वह मकान गांव पीलीमंदोरी निवासी महेंद्र सिंह का है। इसके एक कमरे को प्रीतम उर्फ निशु ने किराये पर लिया हुआ था। कार्रवाई के दौरान वह मौके पर मौजूद था। पुलिस ने जब कमरे का गेट खुलवाया तो वहां काफी मात्रा में पटाखे खुले रखे मिले। जिनके बारे में प्रीतम उर्फ नीशु से लाइसेंस या अनुमति पत्र मांगा गया तो वह पेश नहीं कर सका।
जब पटाखों को चेक किया तो भिन्न- भिन्न प्रकार के पटाखे मिले। इसमें 35 पीस शॉट पटाखे, 16 पीस लड़ी पटाखा, 56 पीस अनार, 28 पीस रोल टीकड़ी मार्का राजन, 6 पीस मुर्गा छाप पटाखे चोरसा, 83 पीस पटाखे, 90 पीस चिट पिट पटाखे, 103 डिब्बे चकरी, 263 डिब्बे फुलझड़ी, 10 पीस राकेट मार्का शक्ति विनायका व 30 थैली पटाखा मार्का रमिथ बरामद हुए।