गांव समैन में आयोजित एक दिवसीय कबड्डी टूर्नामेंट में विजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित करते
समैन। शहीद भगत सिंह स्पोर्ट्स क्लब की ओर से गांव समैन में कबड्डी खिलाड़ी अंकुश व बलजीत की याद में कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन करवाया गया। इसमें गांव समैन की टीम ने रूपावली की टीम को हराकर फाइनल मुकाबला जीता। विजेता समैन की टीम को 31 हजार व उपविजेता रूपावली की टीम को 21 हजार रुपये प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कबड्डी टूर्नामेंट में हरियाणा व पंजाब से 58 किलोग्राम भारवर्ग की 40 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया। कबड्डी खिलाड़ी बेदी गिल व सुशील कुमार ने बताया कि गांव समैन, धोधा कोणी (पंजाब), रूपांवाली व बुआन की टीमें सेमीफाइनल में पहुंची। पहले सेमीफाइनल में गांव समैन की टीम ने पंजाब के धोधा कोणी की टीम को 21-15 अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे सेमीफाइनल में रूपावली ने बुआन की टीम को 17-8 के अंतर से हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। फाइनल में गांव समैन की टीम ने रूपावली की टीम को 21-10 के अंतर से हराकर मुकाबला जीत लिया।
गांव समैन की टीम के खिलाड़ी मोनू को बेस्ट रेडर व अंकुश को बेस्ट कैचर चुना गया। इन दोनों खिलाड़ियों को वाशिंग मशीन देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा तीसरे व चौथे स्थान पर रहने वाली गांव धोधा कोणी व बुआन की टीमों को 21-21 सौ रुपये देकर सम्मानित किया गया। सभी खिलाडि़यों को बधाई दी गई।