गांव समैन से खरड़वाल की तरफ जाने वाली सड़कसंवाद
समैन। गांव समैन को नरवाना ब्लॉक के गांव खरड़वाल को जोड़ने वाली सड़क की बदहाल स्थिति ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा रही है। करीब डेढ़ माह पहले मरम्मत कार्य होने के बावजूद सड़क कई स्थानों से टूट चुकी है। सबसे अधिक खराब हालत रजवाहे के पास बनी हुई है, जहां से गुजरना राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीण बलिंद्र गिल, राजबीर, मियां सिंह और श्यामबीर ने बताया कि सड़क कई हिस्सों में उखड़ चुकी है। आए दिन वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि हाल ही में मरम्मत के बावजूद सड़क इतनी जल्दी कैसे टूट गई।
करीब 22 किलोमीटर लंबी यह सड़क गांव समैन को खरड़वाल, अमरगढ़, नेहरा और नरवाना शहर से जोड़ती है। ग्रामीणों के अनुसार सबसे ज्यादा क्षति समैन से खरड़वाल के बीच देखने को मिल रही है। जगह-जगह गड्ढे बन जाने से वाहन चालकों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस कारण और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो समस्या और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से अपील की है कि सड़क की स्थायी और मजबूत मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके