रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के चलते रोका गया आम ट्रैफिक । संवाद
फतेहाबाद । शुक्रवार को फतेहाबाद में आयोजित हुए रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम भले ही भीड़ के लिहाज से शानदार कार्यक्रम रहा लेकिन इससे इतर इस कार्यक्रम के चलते दो दिन तक लोगों को जरूर परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर ट्रैफिक डायवर्जन को लेकर लोगों को समस्याएं झेलनी पड़ीं।
इस कार्यक्रम के चलते भूना मोड से जीटी रोड पर आने वाले ट्रैफिक को या तो रोका गया, या फिर उन्हें दूसरे रास्ते से जाने के लिए मजबूर किया गया। जिन लोगों के काम अलसुबह शुरू होते हैं, उन्हें खासकर ज्यादा परेशानी को झेलना पड़ा। इतना ही नहीं, रन फॉर यूनिटी दौड़ निकलने के बाद भी लगभग आधा घंटे तक कई जगह ट्रैफिक रोका गया। कई जगह पर लोगों की पुलिसकर्मियों से बहसबाजी भी हुई।
रिफ्रेशमेंट वितरण के दौरान हुई अफरातफरी, स्कूल बसों को दूर खड़े करने पर भी विवाद
कार्यक्रम में सबसे अधिक संख्या स्कूली बच्चों की थी लेकिन उन्हें रिफ्रेशमेंट वितरित करने में बहुत अफरातफरी हुई। बच्चों का आरोप था कि संख्या के हिसाब से आधी रिफ्रेंशमेंट भी उपलब्ध नहीं करवाई गई। इतना ही नहीं, बच्चों को इस बात की भी परेशानी हुई कि उनकी स्कूल बसों को काफी दूर पार्क करवाया गया जिसके चलते उन्हें काफी दूर पैदल चलकर स्कूल बस तक पहुंचना पड़ा।