फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: बत्रा कॉलाेनी में सड़कें जर्जर, बारिश में जलभराव, आवागमन में परेशानी

Sat, 29 Aug 2026 10:53 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
शहर की बत्रा कॉलोनी में जर्जर सड़क से उड़ रही धूल। संवाद
विज्ञापन
फतेहाबाद। अनाजमंडी के पीछे स्थित बत्रा कॉलोनी में दो वर्षों से सड़कें जर्जर होने के कारण मोहल्लावासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में सड़कों पर जलभराव होने से लोगों की आवाजाही मुश्किल हो जाती है।
विज्ञापन

नगर परिषद की ओर से सड़क निर्माण नहीं करवाए जाने पर अब मोहल्लावासियों ने खुद ही गड्ढों में मिट्टी डलवाकर रास्ते को चलने लायक बनाने का प्रयास किया है। लोगों के अनुसार कॉलोनी में कई स्थानों पर सड़कें लंबे समय से टूटी हुई हैं। सड़क की ऊपरी परत उखड़ने के साथ जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं।
सुभाष, विनोद और राजीव ने बताया कि करीब दो वर्षों से सड़क की हालत खराब है लेकिन नगर परिषद की ओर से इसकी सुध नहीं ली गई। लोगों ने कई बार सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग उठाई लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
विज्ञापन

बारिश होने पर सड़क में बने गड्ढों में पानी भर जाता है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी काफी समय तक जमा रहता है। इससे पैदल चलने वाले लोगों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी होती है।
कई बार दोपहिया वाहन चालक गड्ढों और पानी के कारण संतुलन खोने से बचते हैं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क और गड्ढों का अंतर दिखाई नहीं देता जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
-
गड्ढों में डलवाई मिट्टी
नगर परिषद द्वारा सड़क का निर्माण नहीं करवाए जाने के बाद मोहल्लावासियों ने अपने स्तर पर गड्ढों में मिट्टी डलवाने का काम करवाया। लोगों का कहना है कि यह अस्थायी व्यवस्था है। मिट्टी डालने से कुछ समय के लिए गड्ढों की समस्या कम हुई है लेकिन बारिश के बाद दोबारा सड़क की स्थिति खराब होने की आशंका है। स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद से सड़क का स्थायी निर्माण करवाने की मांग की है।

धूल से भी परेशान लोग
जर्जर सड़क से पत्थर उखड़कर बाहर आ रहे हैं। वाहनों के आवागमन के दौरान सड़क से धूल उड़ती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। धूल के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने नगर परिषद से जल्द सड़क का सर्वे करवाकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। कॉलोनी में सड़क निर्माण होने से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि बारिश के दौरान होने वाले जलभराव और दुर्घटनाओं की समस्या से भी राहत मिलेगी। उन्होंने परिषद अधिकारियों से जल्द कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।



:: बत्रा कॉलोनी की इस सड़क में जलनिकासी के पाइपलाइन डालने का काम किया जाना है। पाइपलाइन डालने का काम पूरा होने के बाद सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा।
- सुमित चोपड़ा, एमई, नगर परिषद, फतेहाबाद।

शहर की बत्रा कॉलोनी में जर्जर सड़क से उड़ रही धूल। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें