फतेहाबाद। विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 12 नवंबर को सुबह 11 बजे इंटर स्कूल रोड सेफ्टी क्विज कंपीटीशन का आयोजन किया जाएगा। प्रथम स्तर की इस परीक्षा में लेवल एक (कक्षा तीसरी से 5वीं), लेवल दो (कक्षा छठी से 8वीं), लेवल तीन (कक्षा 9वीं से 12वीं) तथा लेवल चार (कॉलेज) शामिल होंगे। इसमें जिले के सरकारी व गैर सरकारी स्कूल तथा कॉलेज में पढ़ने वालों के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने बताया कि कंपीटीशन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों व आमजन को सड़क पर यात्रा करते समय आवश्यक सावधानियां बरतने के बारे में जानकारी देकर एक जिम्मेदार यात्री बनने के लिए प्रेरित करना है। इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाकर यात्रियों के अमूल्य जीवन की रक्षा करना है। सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों को सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी।
यह प्रतियोगिता 12 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच होगी। ट्रैफिक एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम में तीन विद्यार्थी चयन किए जाएंगे। परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों की राज्य स्तर पर परीक्षा ली जाएगी। छात्रों को जागरूक करने के लिए पुलिस द्वारा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित करवाई जाएगी और पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए इसी प्रकार प्रयासरत रहेगी।