फतेहाबाद/भूना। रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाप-बेटा समेत चार लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा जांड़ली खुर्द और चंद्रावल के बीच तो दूसरा गांव बड़ोपल में हुआ। पुलिस ने नागरिक अस्पतालों में शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया है।
पहले हादसे के अनुसार गांव सुखमनपुर निवासी 52 वर्षीय सुखविंद्र सिंह अपने 22 वर्षीय बेटे इकबाल उर्फ सोनू के साथ अपनी ऑटो में फतेहाबाद से नरवाना के लिए न्यूज पेपर एजेंसियों को वितरण हेतु जा रहा था। रविवार की अलसुबह करीब तीन बजे जैसे ही सुखविंद्र का ऑटो चंद्रावल और जांडली के बीच पहुंचा तो सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने सीधी टक्कर मार दी। इससे ऑटो चालक सुखविंद्र सिंह और उसका बेटा इकबाल उर्फ सोनू जख्मी हो गए। आधा घंटा तक वे घटनास्थल पर ही तड़पते रहे। हरिद्वार से लौट रहे सुखविंदर के भांजे कुकड़ा वाली निवासी सतपाल सिंह ने ऑटो को देखा तो उन्होंने अपनी गाड़ी रोक कर घायलों को बाहर निकाला। सतपाल सिंह ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी और एंबुलेंस को मौके पर बुलाया। घायलों को नागरिक अस्पताल फतेहाबाद पहुंचाया गया, जहां उन दोनों की मौत हो गई।
बाप की मदद के लिए पहले दिन ऑटो में आया था सोनू
ऑटो चालक सुखविंदर सिंह पिछले कई महीनों से फतेहाबाद से नरवाना अखबार की सप्लाई करता आ रहा था। मगर मकर संक्रांति के कारण इकबाल उर्फ सोनू ने अपने बाप की मदद करने के लिए गया था। ताकि जल्दी अखबार एजेंसियों पर पहुंचा कर समय पर बाप और बेटा घर पहुंच सके। सुखमनपुर में जब घटना की सूचना मिली तो सन्नाटा फैल गया। ऑटो चालक सुखविंदर सिंह के दो बेटा व एक बेटी है। जिनमें इकबाल सिंह उर्फ सोनू शादीशुदा था और उसकी एक 3 माह की बच्ची भी है। सतपाल ने बताया कि अगर पिकअप चालक घटना के बाद लोगों की मदद से घायलों को तुरंत उपचार के लिए कुछ आते तो उनकी जान बच सकती। इकबाल उर्फ सोनू गांव में हेयर ड्रेसर था जिसका कार्य भी अच्छा खासा चल रहा था। पुलिस जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि पिकअप चालक ने ऑटो को सीधी टक्कर मारी है जिससे यह बड़ा हादसा हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 279 304 ए आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
दूसरा हादसा : ट्रैक्टर के नीचे दबने से दो दोस्तों की मौत
पंजाब के जिला संगरूर के गांव साबरकलां निवासी 32 वर्षीय गोबिंद और 30 वर्षीय कुलबीर उर्फ किरी रतिया से ट्रैक्टर-ट्राली में तूड़ी भरकर राजस्थान के जयपुर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब पांच बजे गांव बड़ोपल में नहर के पास अचानक टायर का स्पेंडल टूट गया। इसके चलते ट्रैक्टर असंतुलित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। पलटने से दोनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए। राहगीरों ने इसकी सूचना हाईवे पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। यहां पर दोनों घायलों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना के बाद सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मामले की जानकारी परिवार को दी गई। पंजाब से दोनों मृतकों के परिजन नागरिक अस्पताल में पहुंचे और रविवार दोपहर को मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करके शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिए।
एक बेटा छोड़ गया तो दूसरा दो बेटियां
घटना के बाद मृतकों के गांव से काफी संख्या में परिवार के लोग नागरिक अस्पताल में पहुंचे। मृतक गोबिंद सिंह के भाई तरसेम ने बताया कि गोबिंद और किरी राजस्थान में तूड़ी सप्लाई करने का काम कर रहे थे। गोबिंद का एक साल का बेटा है और किरी की दो बेटियां है।
रात को निकल रहे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली
हादसे की मुख्य वजह ट्राली ओवरलोड होना बताया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि रोजाना जिला से सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्राली तूड़ी से ओवरलोड होकर निकल रहे हैं। 90 प्रतिशत ट्रैक्टर-ट्राली रात के समय जिला से निकल रहे हैं। पुलिस रात के समय नाकेबंदी का दावा कर रही है लेकिन इसके बावजूद ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली निकलना सवालों के घेरे में है।
--------
गांव बड़ोपल के पास रविवार अलसुबह हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिए हैं।
- एएसआई कपिल देव, बड़ोपल चौकी प्रभारी