मोटरसाइकिल से टक्कर के बाद बीघड़ में दुर्घटनाग्रस्त हुई गाड़ी।
- फोटो : Fatehabad
गांव बीघड़ के पेट्रोल पंप के पास बोलेरो गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार पीओपी मिस्त्री की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो भी पलट गई। घटना की सूचना के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल में लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा रेफर कर दिया। मृतक युवक की पहचान अशोक नगर निवासी 35 वर्षीय मोहनलाल के रूप में हुई है जो कि पीओपी का काम करता है। इसके अलावा हादसे में उसके साथी राजबीर और संदीप घायल हुए है जो कि अशोक नगर के रहने वाले है। मामले में शहर पुलिस ने संदीप के ब्यान पर बोलेरो गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
संदीप ने बताया कि सोमवार शाम को गांव बीघड़ से वापस फतेहाबाद आ रहे थे, जब पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो सामने से आ रही बोलेरो गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मोहनललाल की मौके पर ही मौत हो गई और साथी राजबीर घायल हो गया। घटना के दौरान गाड़ी भी पलट गई जिसने टक्कर मारी थी और चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
शहर के सिरसा रोड पर मारूति कार एजेंसी के पास कार ने साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में विजय लक्ष्मी प्लाई फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर मुकेश उर्फ छोटेलाल की मौत हो गई। मामले में शहर पुलिस ने मृतक की पत्नी रानी के ब्यान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत रानी ने बताया कि उसका पति सिरसा रोड पर दुकान से बच्चों के लिए पिचकारी लेकर आ रहा था, जब मारूति कार एजेंसी के पास पहुंचा तो सिरसा की तरफ से आ रही कार ने टक्कर मारी दी। गंभीर रूप से घायल होने पर नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां से अग्रोहा रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान मौत हो गई।