घायल सेवानिवृत मुख्य अध्यापक रामस्वरूप मावलिया।
भूना। ढाणी डूल्ट गांव में रिटायर्ड मुख्य अध्यापक रामस्वरूप मावलिया पर दो युवकों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घायल अवस्था में उन्हें सीएचसी भूना में भर्ती करवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
वहीं हमले की जानकारी मिलते ही उनके बड़े बेटे सुखबीर मावलिया मौके पर पहुंचे। सुखबीर पीडब्ल्यूडी एंड बीएंडआर विभाग रोहतक में अधीक्षक अभियंता हैं। इस बारे में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। रामस्वरूप मावलिया ने बताया कि गांव के ही मिट्ठू और टहना नामक युवक पेंशन आने पर उन्हें डराकर पैसे लेते रहे हैं। वे पहले उनसे 20 हजार रुपये ले चुके हैं, शनिवार रात को 30 हजार रुपये की मांग की। इन्कार करने पर दोनों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा।
खून से लथपथ हालत में उनके भांजे कृष्ण कुमार ताखर ने उन्हें सीएचसी भूना पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। कार्यवाहक थाना प्रभारी रविंद्र कुमार बिश्नोई ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। मेडिकल रिपोर्ट भी आ गई है। घायल के बयान के आधार पर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।