फतेहाबाद । उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने कहा कि प्रदेश में ढांचागत विकास को नई गति देने के लिए पारदर्शिता व जनभागीदारी की दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने म्हारी सड़क मोबाइल एप्लीकेशन लांच की है। इस डिजिटल एप से नागरिक सड़क से संबंधित समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंच सकेंगे। यह एप नागरिक, प्रशासन और सरकार के बीच सेतु का काम करेगा।
उन्होंने कहा कि यह एप नागरिकों को सडक़ों की स्थिति की जानकारी सीधे सरकार तक पहुंचाने का माध्यम है। इस एप के माध्यम से नागरिक सडक़ों पर गड्ढे, टूटी सडक़ या सडक़ पर जलभराव की समस्या की लोकेशन के साथ शिकायत दर्ज कर सकेंगे। संबंधित विभाग को तत्काल सूचना मिलते ही सड़क का सुधारीकरण का कार्य किया जाएगा। इस एप के माध्यम से शिकायत की टाइम बाउंड मॉनिटरिंग होगी।
उपायुक्त ने कहा कि नागरिक फोटो के साथ सड़क संबंधित शिकायतें इस एप पर अपलोड कर सकते हैं। इस डिजिटल सिस्टम में जेई से लेकर विभागाध्यक्ष तक सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय की गई है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद निर्धारित समय में संबंधित अधिकारी सड़क सुधार कार्य पूरा करने के बाद की फोटो भी एप पर अपलोड करेंगे और शिकायतकर्ता को सूचित किया जाएगा। इस पहल से न केवल सड़कें बेहतर होंगी बल्कि जनता और प्रशासन के बीच पारदर्शिता और विश्वास भी मजबूत होगा।