फतेहाबाद/जाखल। रेलवे ने हिसार से लुधियाना जाने वाले रूट पर दिसंबर माह से बंद पैसेंजर ट्रेनों के संचालन को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। छह फरवरी से इस रूट पर 7 पैसेंजर ट्रेनें नियमित रूप से चलने लगेंगी। पिछले दो माह से बंद इन ट्रेनों के कारण छात्र, नौकरीपेशा, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशानी झेल रहे थे और उन्हें बस या महंगे निजी साधनों से यात्रा करनी पड़ रही थी।
जाखल जंक्शन रेलवे स्टेशन अधीक्षक चांदराम दहिया ने बताया कि 6 फरवरी से ट्रेन संख्या 54631 भिवानी-धूरी पैसेंजर, 54632 धूरी-जाखल-हिसार होते हुए सिरसा पैसेंजर, 54633 सिरसा-हिसार-जाखल-धूरी-लुधियाना पैसेंजर, 54634 लुधियाना-धूरी-जाखल-हिसार होते हुए भिवानी पैसेंजर और 54636 लुधियाना-हिसार पैसेंजर नियमित रूप से चलेंगी। इसके अलावा 54653 और 54654 अमृतसर–हिसार पैसेंजर ट्रेनें भी बहाल की जा रही हैं।
बता दें कि धूरी और लुधियाना रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म के पुनर्निर्माण कार्य के चलते रेलवे ने 3 दिसंबर से कई ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था। हालांकि, इन ट्रेनों के अलावा अभी भी लगभग 10 अन्य पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें बंद हैं। इन्हें रेलवे की ओर से 23 फरवरी के बाद शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।