लाल किले का निर्माण के बाद अंतिम रूप देते मूर्तिकार सुनील धीमान
टोहाना। क्षेत्र में वरिष्ठ मूर्तिकार सुनील धीमान ने सुंदर लाल किले का निर्माण किया है जिसे नगर निगम हिसार ने बनवाया है। करीब तीन महीने में तैयार हुए इस लाल किले को हिसार के बस स्टैंड चौक पर लगाया जाएगा ताकि उसकी सुंदरता को चार चांद लगाए जा सके। सुनील धीमान इसे अंतिम रूप देने में जुटे हैं। जल्द ही इसे नगर निगम के हवाले कर दिया जाएगा।
सुनील धीमान ने बताया कि नगर निगम हिसार के कमिश्नर प्रदीप दहिया ने ऑर्डर दिया था, इसे तैयार करने में तीन महीने का समय लगा है। इसे फाइबर ग्लास में सुंदर तरीके से डिजाइन किया गया है जिससे बस स्टैंड चौक की सुंदरता और बढ़ जाएगी। धीमान ने कहा कि इससे पहले वे हिसार के लिए शंख चौक व मंगलयान का निर्माण किया गया है जो रानी लक्ष्मी बाई चौक के पास लगाए गए हैं।
हरिवंश राय बच्चन की बना चुके हैं प्रतिमा
इससे पहले सुनील धीमान सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के पिता मशहूर कवि हरिवंश राय बच्चन, संघ प्रमुख डाॅ. हेडगेवार सहित अनेक सुंदर मूर्तियां बना चुके हैं। धीमान हर साल सरकारी स्कूलों में टाबर उत्सव कार्यक्रम में बच्चों को मूर्तिकला के गुर सिखाते हैं ताकि वे आगे बढ़ सके। इससे पहले वे गोवा में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं।