जाखल। सरकारी राशन के भरोसे रहने वाले गरीब परिवारों को नवंबर माह का राशन मिलने का इंतजार है। जाखल क्षेत्र के राशन डिपो पर गेहूं और चीनी पहुंच चुकी है लेकिन सरसों के तेल की आपूर्ति अब तक नहीं हुई है। महीने के 12 दिन बीतने के बावजूद वितरण शुरू नहीं होने से कार्डधारकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
कार्डधारक अशोक कुमार, विनोद कुमार, वेद प्रकाश और टिंकू राम ने आरोप लगाया कि आधा महीना बीतने को है लेकिन राशन वितरण शुरू नहीं हुआ। उन्होंने विभाग से डिपो पर राशन उपलब्धता और वितरण की तारीख सार्वजनिक करने की मांग की है।
विज्ञापन
लोगों का कहना है कि जब वे राशन लेने डिपो पर पहुंचते हैं तो ताला लटका मिलता है। कार्डधारकों का कहना है कि सीमित आमदनी में परिवार का खर्च चलाना पहले ही मुश्किल है।
त्योहार के समय सरकारी राशन और उसके साथ मिलने वाला तेल उनके लिए बड़ी राहत होता है। ऐसे में आपूर्ति और वितरण में देरी से घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। लाभार्थियों ने विभाग से गेहूं और चीनी का वितरण तुरंत शुरू करवाने तथा सरसों के तेल की आपूर्ति की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।