फतेहाबाद। शहर को सीधा पंजाब से जोड़ने वाला रतिया चुंगी-हांसपुर रोड दो विभागों की अनदेखी के चलते गड्ढों में तबदील हो गया है। आलम यह है कि सड़क के बीचों-बीच बने इन गड्ढों की वजह से आवागमन करने वाले वाहन चालक आए दिन दुर्घटनाग्रस्त होकर जख्मी होने लगे हैं। अतिरिक्त उपायुक्त तक को शिकायत दिए जाने के बावजूद समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है।
शुक्रवार सुबह भी एक ई-रिक्शा चालक व बाइक सवार इन गड्ढों की चपेट में आकर जख्मी हो गए। सामाजिक कार्यकर्ता हरदीप सिंह, हांसपुर बाईपास संघर्ष समिति प्रधान भूप सिंह सिगड़ के नेतृत्व में कई दुकानदारों ने मुख्य मार्ग पर एकत्रित होकर रोष प्रकट किया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता हरदीप सिंह ने चेताया कि यदि अगले एक सप्ताह में इन गड्ढों की समस्या का कोई निदान न हुआ तो वे संबंधित विभाग के कार्यालय के बाहर धरना देंगे।
गौरतलब है कि फतेहाबाद के रतिया चुंगी से सरदुलगढ़ को जाने वाला यह मार्ग हरियाणा को सीधा पंजाब से जोड़ता है। इस मार्ग का निर्माण भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हुआ था। हालांकि, समस्या नेशनल हाईवे के अगले हिस्से में भी अनेक जगहों पर है। मगर मार्ग का सबसे ज्यादा बड़ा दुर्घटना प्वाइंट बाईपास से शहर की तरफ आने वाला हिस्सा बना हुआ है। समस्या के निदान के लिए दुकानदार व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी संबंधित विभागों के अलावा अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा तक से दो सप्ताह पहले गुहार लगा चुके हैं। मगर अभी तक समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता हरदीप सिंह ने बताया कि जनस्वाथ्य विभाग व पीडब्ल्यूडी विभाग दोनों ही इस समस्या के मुख्य जिम्मेदार हैं।
इस मौके पर तरसेम नरूला, डॉ. देशराज, हनुमान खिचड़, डॉ.परमजीत, सुरजीत बाजिया, निर्मल सिंह, प्रताप जांगडा, सूरज प्रधान, कृष्ण जांगड़ा, मनदीप सिंह, संदीप जांगड़ा, सिमरनजीत गिल, अमरजीत मालवान, बलराम यादव, अनिल चैधरी, मुकेश भदरेचा, विकास गावड़ी आदि उपस्थित रहे।
नगर परिषद प्रधान की एजेंसी के बाहर भी हो रही दुर्घटनाएं
हरदीप सिंह ने कहा कि नगर परिषद प्रधान राजेंद्र खिंची की गैस एजेंसी के बाहर भी इस मार्ग पर आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। उनके द्वारा भी अभी तक इस बड़ी जनसमस्या पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। प्रशासन ने जनसमस्या और जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। धुंध का मौसम आने पर इन गड्ढों की वजह से हादसे बढ़ेंगे। संगठन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समस्या का निदान न हुआ तो प्रशासन के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे।
रतिया चुंगी-हांसपुर रोड के गड्डों की समस्या पर रोष प्रकट करते संगठन पदाधिकारी व दुकानदार।- फोटो : Fatehabad