भूना। प्रशासन की ओर से रविवार को भूना कस्बे में राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप सिंह और अतिरिक्त उपायुक्त महावीर प्रसाद ने शामिल होकर लोगों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में सड़क के बीच कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबाल, कुश्ती, रस्साकशी, देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समारोह में 70 वर्ष के बुजुर्ग पूर्व पंच मनोहर लाल ने भी मंच पर नृत्य किया और लोगों को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान युवा जागरूकता मंच भूना के सदस्यों ने नशे पर आधारित नाटक प्रस्तुत करके वर्तमान में चिट्टा-स्मैक जैसे नशे पर प्रहार किया। तिरंगा ऊंचा रहे हमारा की प्रस्तुति देकर न्यू सनराइज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने कार्यक्रम को देश भक्तिमय में बना दिया। आदर्श भारती इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व समाज में फैली हुई कुरीतियों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विश्वास नव शारदा स्कूल के बच्चों ने शिव शंकर पार्वती की झांकी प्रस्तुत की। हरि कृष्ण पब्लिक स्कूल के बच्चों ने देश भक्ति भजन प्रस्तुत किया। समारोह में लोगों ने एसपी व एडीसी के साथ सेल्फी ली।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग, डीएसपी दलजीत सिंह बेनीवाल व बीईओ राजकुमार, नायब तहसीलदार मनोहर लाल सहित कई अधिकारी शामिल हुए। मंच का संचालन विकास जाखल व धर्मपाल गोयल ने संयुक्त रूप से किया। नेहरू युवा क्लब फतेहाबाद के तत्वाधान में एक दर्जन के करीब खेल किट युवाओं को वितरित की गई।
इस अवसर पर एसपी ने कहा कि राहगीरी का मकसद युवाओं को जागरूक करके नशे से दूर रखना है। एसपी ने कहा कि युवाओं को खेलों के प्रति आगे आना चाहिए। जो बच्चा खेलों में अपना ध्यान आकर्षित कर लेता है। वह कभी नशे जैसी बुराई के नजदीक नहीं आता। एडीसी ने कहा कि लोगों को सुबह जल्दी उठकर योगा अभ्यास व पैदल चलना चाहिए। क्योंकि ऐसा करने से स्वस्थ जीवन मिलता है और रोग नाम की कोई चीज नहीं रहती। राहगीरी कार्यक्रम का उद्देश्य भी यही है कि लोग जल्दी स्वस्थ जीवन के लिए शारीरिक अभ्यास करें।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि मेवा सिंह वाल्मीकि, वाइस चेयरमैन अनिल कंबोज, एसएसओ देवेंद्र नैन, ट्रैफिक एसएचओ रामधन ,अजय रेवड़ी, सुभाष बिश्नोई, धर्मपाल गोयल, विकास कुमार, नरेंद्र बागड़ी, विक्रम शर्मा ,दीपक कंबोज, चंद्रप्रकाश बोस्ती, चांदी राम कड़वासरा, बलजीत सोनी , तेलू राम जांगड़ा , श्यामलाल बंसल, हरविंदर बागड़ी, अनिल सोनी, बृजलाल बंसल, सतवीर लंबोरिया, बलवंत सिंह मल्ली, प्रोफेसर वीरेंद्र शर्मा, सुशील सिंगला, विनोद कुमार सिंगला, पंकज पसरीजा, विजय महता, दिनेश कुमार सिंगला, मास्टर लक्ष्मी नारायण शर्मा, प्रेम कुमार , महेंद्र सिंह मांजू, बलविंदर ढकरवाल, सुदामा भिच्छर, नहला सरपंच कुलदीप सिंह, जांडली कला सरपंच ईश्वर सिंह, टिब्बी सरपंच प्रतिनिधि विनोद कुमार, अनिल बागड़ी, कृष्ण कुमार जांगड़ा आदि भी मौजूद थे।