फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में एनसीडी क्लीनिक कक्ष में भरा पानी। संवाद
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में अधर में लटका सुंदरीकरण कार्य चिकित्सकों से लेकर मरीजों के लिए परेशानी हुआ है। लोक निर्माण विभाग का अस्पताल में किया गया फॉल सीलिंग कार्य भी पहली बारिश के बाद सवालों के घेरे में है।
सोमवार सुबह आई बारिश के बाद आपातकाल के बाहर की गई फॉल सीलिंग से पानी टपकने लगा। नागरिक अस्पताल के एनसीडी क्लीनिक कक्ष में भी जलभराव हो गया। इसको लेकर अस्पताल प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग अधिकारियों को व्हाट्सपएप ग्रुप से सूचना भी भेजी है। नागरिक अस्पताल में रोजाना 950 से एक हजार मरीजों की ओपीडी होती है।
फंड नहीं मिला तो बीच में छोड़ा काम
नागरिक अस्पताल में अगस्त माह में सुंदरीकरण को लेकर काम शुरू हुआ था। लोक निर्माण विभाग की तरफ से 25 सितंबर तक तेजी से काम किया गया। मंत्री कृष्ण पंवार के उद्घाटन करने के बाद काम अधर में छोड़ दिया गया।
अस्पताल में प्रथम तल पर फॉल सीलिंग का काम शुरू हुआ है। ग्राउंड फ्लोर पर टीबी रोग विशेषज्ञ कक्ष, चर्म रोग विशेषज्ञ कक्ष, एनसीडी क्लीनिक कक्ष, सैंपल कक्ष, नेत्र रोग विशेषज्ञ कक्ष को तोड़कर काम बीच में ही छोड़ दिया गया है। जबकि अस्पताल की ये सबसे मुख्य ओपीडी है।
इनके चिकित्सक ब्लड बैंक, नशा मुक्ति केंद्र में ओपीडी चलाने को मजबूर है। लोक निर्माण विभाग अधिकारियों की माने तो फंड न आने के कारण ठेकेदारों ने काम बीच में छोड़ दिया है। लोक निर्माण विभाग फंड को लेकर स्वास्थ्य विभाग को पत्र भी लिख चुका है। करीब 6 करोड़ से अस्पताल में सुंदरीकरण कार्य चल रहा है।