भूना। शहीद उधम सिंह चौक पर मोटरसाइकिल के आगे क्रेटा कार लगाकर दो युवकों को पीटकर सोने की चेन लूटकर ले जाने के मामले में पुलिस ने दो नामजद व चार अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल लूटपाट करने वाले बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस शिकायत में गांव ठरवा निवासी एवं मोटरसाइकिल चालक संदीप कुमार ने बताया कि रविवार की शाम करीब पांच बजे वह और उसका साथी संजय कुमार भूना में जरूरी काम के लिए आए हुए थे।
मोटरसाइकिल को वह चला रहा था और मेरे पीछे संजय कुमार बैठा हुआ था। जब वह अपने गांव जा रहे थे तो शहीद उधम सिंह चौक पर एक क्रेटा कार तेज गति से आकर उनके मोटरसाइकिल के आगे रुकी। संदीप ने बताया कि गाड़ी में चार बदमाश उतरकर आए और उनकी पिटाई करने लग गए। पीड़ित ने बताया कि हमलावर बदमाश उनके गले में सोने की चेन लूट कर ले गए। घायल संदीप व संजय को सीएचसी केंद्र में दाखिल किया गया। पुलिस ने दो नामित व चार अन्य हमलावरों के विरुद्ध स्नेचिंग व अपराध की नियत से रास्ता रोकने के आरोप में केस दर्ज किया है। हालांकि वारदात की सूचना मिलते ही सीआईए फतेहाबाद व टोहाना की पुलिस टीमें भूना पहुंच गई थी।
..... ठरवा गांव के संदीप कुमार की शिकायत पर दो नामजद व चार अन्य हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। हमलावर मारपीट के साथ मोटरसाइकिल चालक की सोने की चेन भी लूट कर ले गए हैं। पुलिस की टीमें आरोपियों की धर पकड़ के लिए लगी हुई है।
अनूप कुमार, थाना प्रभारी भूना।