पंजाब पुलिसकर्मी से मारपीट मामले में जानकारी लेते शहर पुलिस कर्मी। संवाद
टोहाना। पंजाब के पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कर्मी की वर्दी भी फाड़ दी। उक्त कर्मी पंजाब के मानसा स्थित फैमिली कोर्ट के आदेश पर पंजाब के मूनक के गांव मांडवी निवासी बूटा सिंह के खिलाफ कार्रवाई के लिए सैनी चौक पर पहुंचा था।
घायल पुलिसकर्मी मानसा के सदर थाने में कार्यरत एएसआई जगतार सिंह है। घटना की सूचना पाकर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल को अस्पताल में पहुंचाया जहां उसका एक्सरे व प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं शहर पुलिस ने घायल पुलिसकर्मी के बयान पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिसकर्मी जगतार सिंह ने बताया कि आरोपी बूटा सिंह की पत्नी भाजो देवी ने अपने पति पर खर्चे का केस किया हुआ है, वह वारंट लेकर आया था। उनके पास सूचना आई थी कि बूटा सिंह शहर में किसी काम से आया हुआ है। उसने बताया कि वह एक निजी कार में शिकायतकर्ता व उसके भाई के साथ आया था तो बूटा सिंह की पहचान होने पर उसको पकड़ लिया था। उसी दौरान बूटा सिंह के साथ महिलाओं सहित 6-7 लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट करते हुए आरोपी को छुड़ा लिया।
उसने बताया कि आरोपियों ने मिलकर उसके मुंह पर चोट मारते हुए वर्दी फाड़ी और नेम प्लेट तोड़ दी है है। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन व चश्मा भी तोड़ दिया है। डायल 112 से कर्मी लीलू राम ने बताया कि मानसा के सदर थाने में कार्यरत एएसआई जगतार के साथ मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे, शहर पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है।