जाट आरक्षण को लेकर जाटों का कालवन रेलवे टैक पर धरना छठे दिन भी जारी रहा। रोजाना की तरह सोमवार को भी जाट समुदाय के लोग बराला के पैतृक गांव डांगरा सहित कन्हडी, समैण, भीमेवाला, मादुआना, आमनी, गाजूवाला मे सडक पर बैठकर धरना दिया।
कालवन मे रेलवे ट्रैक जाम होने के कारण सभी गाड़ियां रद्द करनी पड़ी। धमतान तपा के प्रधान रंगीराम का कहना है कि प्रदेश में अफवाह उड़ाई जा रही है कि जाटों ने आंदोलन वापस ले लिया है, लेकिन जब तक सरकार कोई ठोस आश्वासन नहीं देगी, वे धरना समाप्त नही करेंगे।
आतंकवादियों से लोहा लेने वाला कमांडो भी आरक्षण के पक्ष में
कारगिल व मुंबई के ताज होटल में हुए हमले के दौरान भारतीय सेना में अपना दम-खम दिखाने वाला ब्लैक कैट कमांडो कुलदीप नैन ने कहा कि हमारा समाज अपने हकों की लड़ाई के लिए आंदोलन कर रहा है। जाट समुदाय किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहता तथा न ही सामाजिक तौर पर नुकसान करेगा।
जब तक उनके हक नहीं दिए जाते उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति भड़काऊ भाषण देता है या फिर राष्ट्रीय या आमजन की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का काम करता है वह समाज विरोधी है। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबे सिंह समैण, कालवन तपा के फकीर चंद, रामनिवास नैन आदि उपस्थित रहे।