स्कूल बंद करके स्कूल गेट पर रोष व्यक्त करते निजी स्कूल अध्यापक:संवाद
फतेहाबाद/रतिया। हिसार जिले के गांव बास बादशाहपुर स्थित करतार मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल जसवीर सिंह की छात्रों द्वारा निर्मम हत्या किए जाने के विरोध में बुधवार को जिले के करीब 350 निजी स्कूल बंद रहे। सीबीएसई और एचबीएसई से जुड़े स्कूल संचालकों ने विरोध में स्कूल बंद रखे। जिले के प्ले वे स्कूल भी बंद रहे।
रतिया क्षेत्र के सभी निजी स्कूलों को बंद रखते हुए स्कूल के अध्यापकों ने काली पट्टी बांधकर इस घटनाक्रम के विरोध में रोष प्रदर्शन किया। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष रामी गोस्वामी ने कहा कि बताया इस घटना के पश्चात पूरे प्रदेश में ही सरकार से स्कूल सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग की जा रही है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि बुधवार को क्षेत्र के सभी स्कूल बंद रखकर अध्यापक ने स्कूल गेट के बाहर काली पट्टी बांधकर इस घटना पर रोष जताया ताकि पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने के साथ-साथ स्कूलों में शिक्षकों की सुरक्षा भी बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों का यह कदम पीड़ित परिवार को समर्थन करने तथा दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग करने को लेकर है।
-
फतेहाबाद में स्कूल बंद रहे
फतेहाबाद क्षेत्र के निजी स्कूल पूरी तरह से बंद रहे। हालांकि इस दौरान एकत्रित होकर रोष व्यक्त नहीं किया गया। स्कूल संचालकों ने बताया कि मामले को लेकर प्राइवेट स्कूल संघ पहले ही मांग पत्र प्रशासन को दे चुका है।
-