फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसानों ने 510 ट्रैक्टरों के साथ निकाली ट्रैक्टर परेड

विज्ञापन
विज्ञापन
जिले में गणतंत्र दिवस के अवसर पर 510 ट्रैक्टरों के साथ एक हजार से अधिक किसानों ने ट्रैक्टर परेड निकालकर कृषि कानूनों के विरोध में अपनी ताकत दिखाई। किसान की ट्रैक्टर परेड के चलते जिला प्रशासन को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह मात्र दो घंटे से भी कम समय में निपटाना पड़ा। जैसे ही डीसी-एसपी अधिकारियों के काफिले के साथ कार्यक्रम निपटाकर निकले, वैसे ही किसानों का जमघट शहर में लगना शुरू हो गया। सबसे पहले किसान लघु सचिवालय के पास एकत्रित हुए। यहां किसानों ने शहीद स्मारक पर तिरंगा फहराया।
विज्ञापन

इसके बाद एमएम कॉलेज तक ट्रैक्टर परेड व रोष मार्च निकाला गया। इसमें आगे-आगे महिला व पुरुष किसान पैदल चले जबकि पीछे 510 ट्रैक्टरों का विशाल काफिला चला। इसके अलावा टोहाना क्षेत्र में भी ट्रैक्टर परेड निकाली गई। वहीं, बुधवार को लघु सचिवालय के गेट के पास कई दिनों से चल रहा धरना जारी रहा।
जीटी रोड पर दूर तक ट्रैक्टर ही ट्रैक्टर नजर आए
लघु सचिवालय की ओर से एमएम कॉलेज की तरफ जीटी रोड पर जब किसान निकले तो काफी दूर तक ट्रैक्टर ही ट्रैक्टर नजर आए। इन ट्रैक्टरों के बीच में जेसीबी व कारें भी शामिल हुई। कुछ किसानों ने अपने ट्रैक्टरों पर ऊंची आवाज में किसानों पर बने गीत बजाए तो कुछ किसान फीटर रेहड़े पर डीजे लगाकर भी काफिले में शामिल हुए। ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों को व्यवस्था बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
विज्ञापन

ट्रैक्टर चालकों में युवा किसानों की रही बड़ी तादाद
ट्रैक्टर परेड निकालने वालों में सबसे अधिक संख्या युवा किसानों की रही। हालांकि, इन युवाओं को दिशा-निर्देश सीनियर किसान नेता ही देते रहे। ट्रैक्टर चालकों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि किसी भी कारण से रास्ता बंद नहीं होना चाहिए। इसलिए सभी ट्रैक्टर जीटी रोड पर सड़क के एक तरफ डिवाइडर के साथ साथ ही चलते रहे। वहीं, साइड से अन्य वाहन निकलते रहे, ताकि कहीं जाम की स्थिति न बने।
बैरिकेड लगाकर नाकों पर तैनात रहे पुलिसकर्मी
इससे पहले बैरिकेड लगाकर नाकों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। जीटी रोड के साथ लगते लिंक मार्गों पर कहीं पांच तो कहीं दस पुलिसकर्मी लगाए गए। वहीं, जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के कार्यक्रम स्थल पुलिस लाइन के बाहर भी भारी पुलिस बल तैनात रहा। मगर जैसे ही कार्यक्रम खत्म हुआ, इसके बाद पुलिस की चुस्ती कम हो गई।
सालमखेड़ा के किसानों से उलझे पुलिसकर्मी
गांव सालमखेड़ा से ट्रैक्टर लेकर हिसार टोल प्लाजा की ओर जा रहे किसानों को पुलिसकर्मियों ने जीटी रोड पर लगे बेरिकेड्स के पास रोक लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और किसानों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। जब किसानों ने वहीं पर बैठकर ही रोष जताने की चेतावनी दी तो पुलिसकर्मियों ने बेरिकेड्स हटाकर उन्हें आगे जाने दिया।
टोहाना में भी किसानों ने निकाली ट्रैक्टर परेड
टोहाना (संवाद)। तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों की ओर से टोहाना शहर के टाउन पार्क से ट्रैक्टर परेड निकाली गई। यह ट्रैक्टर परेड विभिन्न रास्तों से गुजरी। ट्रैक्टरों को समाजसेवी डॉ. शिव सचदेवा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रैक्टर परेड टाउन पार्क से शुरू होकर कैंची चौक के रास्ते रतिया रोड, दमकोरा रोड, पुरानी तहसील के सामने, रामभवन रोड से रेलवे रोड और चंडीगढ़ रोड होते हुए वापस टाउन पार्क पहुंचकर पूरी हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें