फतेहाबाद। एसडीओ बड़ोपल के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते बिजली कर्मचारी। कर्मचारी संगठन
फतेहाबाद। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर्स यूनियन के सदस्यों ने एसडीओ बड़ोपल की कार्यप्रणाली के खिलाफ शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। बिजली निगम परिसर में आयोजित इस विरोध गेट मीटिंग में कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अधिकारियों पर तानाशाही के आरोप लगाए। मीटिंग की अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान जीत सिंह और संचालन सचिव प्रीतम सिंह ने किया।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने सितंबर 2025 में ही मांगपत्र एसडीओ को दिया था। इस पर एसडीओ के साथ कई बार वार्ता हुई और जल्द ही समस्याओं के समाधान पर सहमति बनी लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं किया गया। यूनियन नेताओं ने कहा कि एसडीओ बड़ोपल तानाशाही रवैया अपना रहे हैं। जीत सिंह ने कहा कि इसके बाद 27 अप्रैल को दोबारा एसडीओ को मांग पत्र सौंपा गया।
इसमें बिजली लाइनों की क्रॉसिंग, डैमेज पोल, कर्मचारियों की एसीआर/क्यूआर, 33 केवी लाइन पर पेट्रोलिंग के लिए गाड़ी की व्यवस्था, लाइनों की मरम्मत का सामान, कार्यालय में आने वाले पुरुषों, महिलाओं के लिए टॉयलेट की व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए किट जैसे मुद्दे शामिल थे। इस पर अधिकारी ने अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया है।
आरोप है कि रात के समय लाइन पेट्रोलिंग के लिए गाड़ी मांगने पर अधिकारी साफ इन्कार कर देते हैं। जिससे सुरक्षा का खतरा बना रहता है। इस विरोध प्रदर्शन को उप-प्रधान पवन कुमार, सचिव प्रीतम सिंह, हवा सिंह, किरपाल सिंह, जेई बलवान सिंह, सेंटी एएलएम और राजेश कुमार यूडीसी ने भी संबोधित किया।