प्रो. दिनेश शर्मा।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। भट्टू मंडी निवासी प्रोफेसर दिनेश शर्मा को प्रदेश सरकार की ओर से राष्ट्रीय सेवायोजना का स्टेट ऑफिसर नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल दो वर्ष के लिए रहेगा। प्रो.दिनेश शर्मा मौजूदा समय में पंचकूला के सेक्टर एक स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में इतिहास के प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं।
इससे पहले उन्होंने भट्टू राजकीय महाविद्यालय में कार्यकारी प्राचार्य और आदमपुर स्थित राजकीय महाविद्यालय में इतिहास प्रवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। स्टेट ऑफिसर पूरे प्रदेश के स्कूल, कॉलेजों में चल रही 1400 एनएसएस यूनिटों के संचालन की मॉनिटरिंग से लेकर उच्चतर शिक्षा विभाग और महाविद्यालयों के बीच समन्वय स्थापित करने का काम करते हैं।
41 बार कर चुके हैं रक्तदान
प्रो.दिनेश शर्मा का नाम फतेहाबाद जिले में रक्तदान की अलख जगाने वालों में प्रथम श्रेणी में आता है। वह अब तक खुद 41 बार रक्तदान कर चुके हैं और 100 से अधिक रक्तदान शिविरों का आयोजन कर चुके हैं। जिले में सबसे बड़ा रक्तदान शिविर भी उन्हीं के नेतृत्व में लगा था। प्रो.दिनेश शर्मा लंबे समय तक आदमपुर महाविद्यालय में एनएसएस के प्रभारी रहे हैं। साल 2010 में गणतंत्र दिवस परेड कैंप में उन्होंने हरियाणा व दिल्ली क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। उन्हीं के नेतृत्व में आदमपुर महाविद्यालय की दो छात्राएं आरडी परेड में शामिल हुई थी। इसके अलावा भट्टू महाविद्यालय में दस साल तक एनसीसी प्रभारी भी रहे। उनके 50 से अधिक कैडेट भारतीय सेना और पैरा मिलिट्री फोर्स में सेवाएं दे रहे हैं।