फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और सीबीएसई कक्षा दसवीं और बारहवीं का परिणाम जारी कर चुके हैं। अब दाखिलों को लेकर माथापच्ची शुरू हो गई है, आईटीआई में भी अब दाखिले को लेकर प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपने दस्तावेज तैयार करने के लिए कहा गया है। इसको लेकर कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने दाखिला नोटिस जारी कर दिया है। जिले में पांच सरकारी आईटीआई है। जिसमें भोड़ियाखेड़ा स्थित आईटीआई में ही 21 ट्रेड हैं।
विभाग द्वारा जारी किए गए नोटिस के मुताबिक राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2024-25 में दाखिला लेने के लिए इच्छुक आवेदनकर्ता उम्मीदवारों के पास आधार नंबर, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी एवं परिवार पहचान पत्र होना जरूरी है। अगर नहीं है तो वह प्रबंध कर लें। आईटीआई भोड़िया खेड़ा में कारपेंटर, कोपा एनसीवीटी और एससीवीटी, ड्राफ्टमैन सिविल, ड्रैस मेकिंग, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, मैकेनिस्ट, मैकेनिक एग्रीकल्चर मशीनरी, मैकेनिक कंज्यूमर इलेक्ट्रोनिक्स एप्लाइंस, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक डीजल डबल, पैंटर, पलंबर, रेफ्रिजरेशन एवं कंडीशनिंग तकनीशियन, सीविंग टेक्नोलॉजी, स्टेनोग्राफर, वेल्डर, वेल्डर डयूल, वायरमैन ट्रेड है।
जिले में ये है सरकारी आईटीआई
आईटीआई ट्रेड
राजकीय आईटीआई भोड़िया खेड़ा 21
राजकीय आईटीआई टोहाना 17
राजकीय महिला आईटीआई टोहाना 10
राजकीय आईटीआई भिरड़ाना 7
राजकीय आईटीआई जाखल 7
आईटीआई में दाखिले को लेकर अगले माह प्रक्रिया शुरू हो सकती है। इसको लेकर विद्यार्थी अपने दस्तावेज तैयार कर लें ताकि आवेदन के दौरान दिक्कत न आएं। प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी और इसको लेकर संस्थान में हेल्प डेस्क भी बनाए जाएंगे। आईटीआई में दाखिले को लेकर विद्यार्थियों का काफी रुझान रहता है। आईटीआई भिरड़ाना की तरफ से नए ट्रेड की डिमांड नहीं गई है। इसके पीछे कारण ये है कि जगह का अभाव है।
-भूपेंद्र सिंह, इंचार्ज, आईटीआई भिरड़ाना