अनाज मंडी को जाने वाले मिर्च मंडी रोड पर बने गढ़्ढे। संवाद
टोहाना। गेहूं खरीद से पहले अनाज मंडियों में तैयारियों को लेकर प्रशासन के दावों पर सवाल उठ रहे हैं। मिर्च मंडी रोड पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इससे मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इस सड़क पर हर दस फीट की दूरी पर गड्ढे बने हैं। इसके अलावा अनाज मंडी में बालाजी मंदिर के पास सड़क पर लगाए गए पैच भी उखड़ने लगे हैं। इससे आढ़तियों में नाराजगी है। मिर्च मंडी रोड के निवासी किशोर भाटिया, राहगीर रमन, अजय, प्रेम व विनोद ने बताया कि यह सड़क भी मार्केटिंग बोर्ड के अधीन आती है। इसी रास्ते से किसान अपनी फसल लेकर मंडी पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि विभाग ने अनाज मंडी के अंदर के गड्ढे तो भर दिए लेकिन मुख्य सड़क को छोड़ दिया। इसे जल्द से जल्द ठीक किया जाना चाहिए। मार्केट कमेटी सचिव संदीप गर्ग ने बताया कि ये कार्य मार्केटिंग बोर्ड की निर्माण विंग टीम का है। उन्हें सभी गड्ढे भरने के लिए लिखा गया था। यदि कुछ गड्ढे रह गए हैं, तो इसका जवाब कंस्ट्रक्शन विभाग ही देगा।